जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर सांदीपनि स्कूल घोड़ाडोंगरी में सजी “सांस्कृतिक छटा”
घोड़ाडोंगरी । सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में दिनांक 11 नवंबर से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस एवं धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती समारोह का आयोजन हुआ जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया ।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ । सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी के प्राचार्य विवेक तिवारी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन उनके संघर्ष ,जल,जंगल – जमीन की रक्षा और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान के बारे में विस्तार से बताया । सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में जनजातीय गौरव दिवस बिरसा मुंडा जयंती समारोह पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही जहां कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्यनरत विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी सहभागिता की जिसमे लोकवाद यंत्रों की प्रदर्शनी एवं परिचय, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, नाटक( नृत्य) प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता ,मेहंदी प्रतियोगिता, केस सज्जा प्रतियोगिता सहित एनसीसी के विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण एवं स्वच्छता श्रमदान किया । विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक नृत्य अंतर्गत मनमोहक आदिवासी लोक नृत्य प्रस्तुत किया जिसने हर किसी का मन मोह लिया । भाषण और कविता पाठ में बच्चों ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी और उनके क्रांतिकारी विचारों पर प्रेरक भाषण दिए तथा देशभक्ति कविता सुनाई ।
रंगोली एवं चित्रकला के माध्यम से छात्र/छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन
और जनजातीय संस्कृति का खूबसूरत चित्रण किया । विद्यार्थियों द्वारा आदिवासी वेशभूषा पहनकर लोक नृत्य के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुती दी । जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यालय के छात्र/छात्राओं ने एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट प्रस्तुतिया दी ।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य विवेक तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को महापुरुषों के बताएं मार्ग पर चलने और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का संदेश दिया । अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ ।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
