वेद पढ़ो ना पढ़ो, पर इंसान की वेदना पढ़ना आ जाए : योग शक्ति आस्था दीदी

खुद को चांद का टुकड़ा मत बनाओ, गुणों से सुंदर बनो, आंतरिक सुंदरता जीवनभर साथ रहती है : आस्था दीदी

शाहपुर। ब्रह्माकुमारी शाहपुर द्वारा नगर परिषद के सामने आयोजित श्रीमद् भगवत गीता ज्ञान प्रवचन के पांचवें दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए योग शक्ति आस्था दीदी ने कहा कि वेद पढ़ो या ना पढ़ो, लेकिन जीवन में इंसान की वेदना पढ़ना आना चाहिए। दूसरों के दुख और भावनाओं को समझना ही सच्ची मानवता है। उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म की ग्लानि होती है और अधर्म बढ़ता है, तब मां शक्ति का आगमन होता है। आज समाज में रावण जैसी वृत्तियां बढ़ती जा रही हैं। 21वीं सदी को स्वर्णिम सदी कहा जाता है, लेकिन यह अवसाद की सदी बनती जा रही है। शारीरिक बीमारियों से ज्यादा लोग मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। हमें अपने जीवन में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता है। श्रीराम और श्रीकृष्ण की धरती पर आज रावणत्व बढ़ता दिखाई दे रहा है।
दीदी ने कहा कि आज बिना झूठ के काम नहीं चलता, झूठ बोलना सामान्य बात समझी जाने लगी है, जबकि झूठ बोलने से व्यक्ति की आत्मिक शक्ति कमजोर होती है। बात-बात पर झूठ बोलना उचित नहीं है। आज हम अपनी संस्कृति को पुराने जमाने की चीज समझने लगे हैं और पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। जबकि भारतीय संस्कृति में घंटी, शंख और तिलक के माध्यम से आंतरिक चेतना जागृत करने की परंपरा रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें झुकना, बड़ों का सम्मान करना और उनसे आशीर्वाद लेना सिखाती है। पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के कारण समाज में अशांति बढ़ रही है। आज धन तो है, लेकिन सुख और शांति का अभाव है। हमें अपने जीवन में परमात्मा के प्रति विश्वास और आध्यात्मिक मूल्यों को स्थान देना चाहिए।
आस्था दीदी ने कहा कि ज्ञान के दीप जलाइए और ईश्वर के प्रति विश्वास का दीप अपने हृदय में प्रज्वलित कीजिए। धरती पर 70 प्रतिशत जल होने के बावजूद पानी की कमी है, उसी प्रकार संसार में संसाधन होने के बाद भी मनुष्य संतुष्ट नहीं है। पैसा ही सब कुछ नहीं है। अनुचित तरीके से कमाया गया धन कभी सुख नहीं दे सकता। आज हम धन-संपत्ति के लिए अपने संस्कारों और संस्कृति की बलि दे रहे हैं। पहले कहा जाता था कि इज्जत चली गई तो सब कुछ चला गया, लेकिन आज लोगों की परिभाषाएं बदल गई हैं। गलत काम करने के बाद भी लोग अपनी गलती स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।
उन्होंने पारिवारिक मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब घर में बहू आती है तो उसे लक्ष्मी का रूप माना जाता है, लेकिन आज कई टीवी धारावाहिकों में बहू को परिवार को बर्बाद करने की साजिश रचते हुए दिखाया जाता है। ऐसे चित्रण का समाज और पारिवारिक संस्कारों पर प्रभाव पड़ता है।

दीदी ने कहा कि आज हर क्षेत्र में मिलावट बढ़ती जा रही है, जिससे सत्यता कहीं छिपती जा रही है। हमारे देश में कभी नालंदा जैसे महान विश्वविद्यालय और समृद्ध ज्ञान परंपराएं थीं। विदेशियों ने हमारे अनेक धर्मग्रंथों को नष्ट किया, लेकिन जो ज्ञान आज भी हमारे पास सुरक्षित है, उससे भी हम विमुख होते जा रहे हैं। धर्म कथाओं में धर्मग्रंथों के वास्तविक अर्थ और जीवन में उनके महत्व को समझना जरूरी है। केवल नाच-गाने से धर्म का उद्देश्य पूरा नहीं होता। सोशल मीडिया और पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में हमारी बहू-बेटियां भी अपनी संस्कृति और संस्कारों से दूर होती जा रही हैं।
उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्मण रेखा मर्यादा की रेखा है। जिस दिन इंसान अपनी मर्यादा की सीमा लांघ देता है, उसी दिन बुराई रूपी रावण उसके जीवन में प्रवेश कर जाता है। माता सीता सोने की लंका में पहुंचकर भी प्रसन्न नहीं थीं। इससे हमें समझना चाहिए कि गलत कर्म और माया के जाल में फंसकर मनुष्य अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य से भटक जाता है। गलतियां सभी से होती हैं, लेकिन यदि हम परमात्मा का हाथ थाम लें तो भटके हुए इंसान को भी सही राह मिल सकती है। बड़े-बुजुर्ग भी कहते हैं कि सुबह का भूला शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते। परमात्मा सबको अपना बना लेते हैं।

महिलाओं को दिया आंतरिक सुंदरता का संदेश
महिलाओं को संबोधित करते हुए योग शक्ति आस्था दीदी ने कहा कि खुद को चांद का टुकड़ा मत बनाओ, बल्कि अपने गुणों से सुंदर बनो। जो व्यक्ति आपकी बाहरी सुंदरता पर मोहित होगा, हो सकता है कल उसे कोई और सुंदर दिखाई देने लगे। लेकिन अच्छे संस्कार, अच्छे गुण, अच्छा स्वभाव और अच्छा चरित्र इंसान को वास्तविक रूप से खूबसूरत बनाते हैं। बाहरी सुंदरता क्षणिक होती है, जबकि आंतरिक सुंदरता जीवनभर साथ रहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.