शाहपुर। शाहपुर में ब्रह्माकुमारी द्वारा आयोजित श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान गंगा प्रवचन के तृतीय दिवस श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए योग शक्ति आस्था दीदी ने कहा कि जिसका दोहरा व्यक्तित्व होता है, वह प्रभु को कभी प्राप्त नहीं कर सकता। जीवन तो सभी जीते हैं, लेकिन यदि जीवन जीने का सही ढंग मिल जाए तो जीवन बेहतर और आनंदमय बन सकता है।
आस्था दीदी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान समाहित है। कोई काशी जाए या मक्का, लेकिन आत्मज्ञान के बिना जीवन अधूरा रहता है। जब तक मनुष्य आत्मज्ञान प्राप्त नहीं करेगा, तब तक उसका जीवन यूं ही व्यर्थ चला जाएगा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि जिस दिन मनुष्य परमात्मा को सही अर्थों में जान लेगा, उस दिन संसार के लड़ाई-झगड़े समाप्त हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा उनके जीवनकाल में ही करनी चाहिए। बाद में दिखावे के लिए किए गए कार्यों का कोई विशेष महत्व नहीं रह जाता। यदि हम भगवान राम के भक्त हैं तो उनके आदर्शों और मर्यादाओं को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। मंदिर में बैठकर आराधना करना और बाहर जाकर गलत कार्य करना उचित नहीं है। भक्ति का वास्तविक अर्थ अपने आचरण और कर्मों को श्रेष्ठ बनाना है।
आस्था दीदी ने कहा कि यदि हम भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो हर परिस्थिति में मुस्कुराना सीखें। हमारे कर्म ऐसे होने चाहिए, जिनसे दूसरों के जीवन में खुशहाली आए। मनुष्य को समय-समय पर स्वयं का शुद्धिकरण करते रहना चाहिए तथा तेरा-मेरा के भाव को छोड़कर प्रभु की शरण में रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान एक ही हैं। गीता में भी परमात्मा ने स्वयं को एक बताया है। केवल पूजा करने से नहीं, बल्कि देवताओं के गुणों को अपने अंदर धारण करने से जीवन सफल होता है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का सबसे अच्छा मित्र उसका विवेक और सबसे बड़ा शत्रु उसका अहंकार है। अहंकार मनुष्य के विनाश का कारण बन जाता है। हनुमान जी के भक्त हैं तो उनके समान समर्पण की भावना भी अपने अंदर लानी चाहिए। निंदा, चुगली और बुराई से दूर रहकर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। प्रभु न तो दंड देते हैं और न ही माफ करते हैं, बल्कि मनुष्य को अपने कर्मों का फल स्वयं ही प्राप्त होता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से दिन की शुरुआत परमात्मा के ध्यान से करने, उनसे दिल का नाता जोड़ने और अपने सुख-दुख प्रभु के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की वस्तुओं के पीछे भागने के बजाय परमात्मा को अपना बना लें, फिर सारा संसार अपना लगने लगेगा।
प्रवचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप का सुंदर वर्णन किया गया। आस्था दीदी ने महाभारत का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि अर्जुन ने युद्ध में निहत्थे श्रीकृष्ण को चुना और अंततः विजय प्राप्त की। इससे हमें यह शिक्षा मिलती है कि जीवन में परमात्मा का साथ सबसे बड़ा सहारा है।
स्वागत एवं सम्मान
कथा के शुभारंभ अवसर पर योग शक्ति आस्था दीदी का स्वागत हरिशंकर परसाई, रोशन गुप्ता, प्रदीप साहू, दिलीप गुप्ता, राजेश गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, जगदीश गुप्ता, सुनीता दीदी एवं लक्ष्मी दीदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।