परिषद का सम्मेलन बाजारों का होगा सौन्दर्यीकरण, वाचनालय एवं बस स्टैंड पर बनेगा शॉपिंग काम्प्लेक्स, सतपुड़ा डेम किनारे रिसार्ट का प्रस्ताव*
_छोटा मठारदेव से राजडोह विसर्जन स्थल तक लगेगी स्ट्रीट लाइट, बाबा मठारदेव मंदिर परिसर में निर्मित गेस्ट हाउस को किराये पर देगी नगर पालिका।_
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में बुधवार को परिषद के सामान्य सम्मेलन का आयोजन दोपहर 1 बजे से किया गया। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान मठारदेव मेले की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। अनुमोदित एजेंडे के 9 बिंदुओं पर चर्चा के बाद परिषद ने अपनी सहमति प्रदान की।
नगर पालिका सभाकक्ष में बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1 बजे से बैठक प्रारंभ हुई।
अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, विधायक प्रतिनिधि सुधा चंद्रा, नेता प्रतिपक्ष आनंद पिंटिश नागले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे की उपस्थिति में सम्मेलन हुआ। बैठक में छोटा मठारदेव पंप हाउस से विसर्जन स्थल राजडोह तक एवं बगडोना हवाई पट्टी से सारनी बैरियर तक रोड की दूसरी ओर स्ट्रीट लाइट लगाने को परिषद ने स्वीकृति प्रदान की। बाबा मठारदेव परिसर में निर्मित गेस्ट हाउस को किराये पर देने, पीएमएवाय आवासीय परिसर की चारों ओर से बाउंड्री बनाने, गीता भवन निर्माण, वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु अनुपूरक बजट पर चर्चा की गई। बैठक में पार्षद छाया अतुलकर, भीम बहादुर थापा, मीना ददन सिंह, ज्योति नागले, चंद्रा सोनेकर, संगीता धोटे, भावना बंडू माकोड़े, हरिता पाल, रूपलाल बेलवंशी, बेबी ठाकुर, गणेश महस्की, मो. ताहिर अंसारी, जफर अंसारी, अनीता बेलवशी, अजाबराव धोटे, बेबी बिंझाड़े, रेखा मायवाड़, मनोज कुमार डेहरिया, रेखा भलावी, सरिता वागद्रे, दशरथ सिंह जाट, एल्डरमैन रमेश हारोडे, विनय मदने, रमेश पवार, सुनीता यादव, सहायक लेखाधिकारी ब्रजेश नागर, उपयंत्री रविंद्र वराठे, कमलेश पटेल, नितिन मीणा, सेनेटरी इंस्पेक्टर केके भावसार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
*मेले में प्लाट रेट रहेंगे यथावत, उत्कृष्ट व्यवस्थाएं करने के निर्देश*
परिषद की बैठक में 12 से 22 जनवरी तक लगने वाले श्री मठारदेव बाबा मेले को लेकर चर्चा हुई। दुकानदारों को आवंटित किए जाने वाले प्लाट के रेट यथावत रखने के निर्देश परिषद ने दिए। इसके अलावा मेले में सभी कार्यों की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
*यू.सी.एफ योजना से रिसार्ट, बाजारों का सौंदर्याकरण, ई.वी. चार्जिंग स्टेशन निर्माण*
शासन की यू.सी.एफ. योजना के तहत नगरीय क्षेत्र में बाजारों का सौंदर्याकरण होगा। सतपुड़ा डेम साइट पर रिसार्ट का निर्माण किया जाना भी प्रस्तावित किया गया है। इसी तरह नगर पालिका के सारनी स्थित वाचनालय, बस स्टैंड परिसर में व्यावसायिक शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण किया जाएगा। नगर पालिका क्षेत्र में ई.वी. चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।