*घोड़ाडोंगरी, संवाददाता।*
आर्थिक रूप से कमजोर बालक-बालिकाओं की उच्च शिक्षा बाधित न हो, इस उद्देश्य से शासन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली प्रतिष्ठित *राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026-27* का आयोजन पूरे मध्यप्रदेश में *4 अक्टूबर 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे* से किया जा रहा है।
इसी क्रम में परीक्षा की पूर्व संध्या पर *सांदीपनि विद्यालय / मॉडल हायर सेकेण्डरी स्कूल घोड़ाडोंगरी* में कक्षा 8वीं के एनएमएमएस परीक्षार्थियों के लिए एक विशेष प्रेरणादायक एवं मोटिवेशनल उद्बोधन सत्र का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य महोदय डेहरिया जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि *समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।* इस परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण (MAT) और शैक्षिक योग्यता परीक्षण (SAT) के 90-90 प्रश्न पूछे जाते हैं, जिन्हें 90-90 मिनट में हल करना होता है। MAT के प्रश्नों को हल करने से बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।
उन्होंने बच्चों को महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए कहा –
*1.* सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें, क्योंकि इस परीक्षा में *ऋणात्मक मूल्यांकन (Negative Marking) नहीं है।*
*2.* कोई भी प्रश्न न छोड़ें, सभी प्रश्नों के गोले OMR शीट में अनिवार्य रूप से भरें।
*3.* एक प्रश्न का एक ही गोला काला करें, दो गोले काले न करें और केवल *बॉल पेन* का ही प्रयोग करें।
*4.* समय से पूर्व विद्यालय पहुंचे, एडमिट कार्ड साथ रखें और रोल नंबर का अभ्यास कर लें।
*5.* परीक्षा की पूर्व रात्रि को जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठकर अब तक किए गए अभ्यास का एक बार रिवीजन अवश्य करें।
प्राचार्य जी ने कहा कि आत्मविश्वास को कम न होने दें, आप सभी बढ़-चढ़कर परीक्षा में हिस्सा लें, सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अंत में सभी बालक-बालिकाओं ने ताली बजाकर “हम होंगे कामयाब” के नारों के साथ पूरे आत्मविश्वास से परीक्षा देने का संकल्प लिया और प्राचार्य महोदय का आभार व्यक्त किया।