खातरकर सफल
सोशल मीडिया योद्धा परिवार ने घर पहुंचकर किया सम्मान; मनीष मिसर व ज्योति यदुवंशी ने कहा—हर्ष की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
बैतूल। मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जब सफलता में बदलता है, तो वह केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बन जाता है। ऐसी ही उपलब्धि हासिल की है बैतूल के प्रो. हर्ष खातरकर ने, जिन्होंने MPPSC Sports Officer परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रो. हर्ष खातरकर की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया योद्धा परिवार ने उनके निज निवास पहुंचकर आत्मीय सम्मान एवं अभिनंदन किया। इस दौरान राधा कृष्ण की फोटो, पौधा,पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
“सफलता के पीछे समर्पण और निरंतर मेहनत”
सम्मान समारोह में सोशल मीडिया योद्धा मनीष मिसर ने कहा कि हर्ष खातरकर की सफलता केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है। उन्होंने कहा कि जब युवा अपने लक्ष्य को लेकर निरंतर मेहनत करता है तो सफलता निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है।
वहीं ज्योति यदुवंशी ने कहा कि खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की उपलब्धियां समाज के लिए गौरव का विषय हैं। प्रो. हर्ष की सफलता अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
मां के लिए भी गौरव का पल
प्रो. हर्ष खातरकर की सफलता पर उनकी माता एवं सोशल मीडिया योद्धा परिवार की सक्रिय सदस्य श्रीमती माला खातरकर ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी के प्रति आभार जताया। बेटे की उपलब्धि और सम्मान का यह अवसर परिवार के लिए बेहद भावुक एवं गौरवपूर्ण रहा।
सोशल मीडिया योद्धाओं ने दी बधाई
इस अवसर पर राहुल वाडुकले, कुणाल शर्मा, श्रीमती माला खातरकर सहित सोशल मीडिया योद्धा परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने प्रो. हर्ष खातरकर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रो. हर्ष खातरकर की सफलता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने वाला युवा अपने साथ-साथ अपने जिले का नाम भी रोशन करता है।