सेवाभाव व परोपकारी सोच का फर्क ही इंसान को आम से खास बनाता है, और सेवाभाव व परोपकार की इस सोच को सार्थक करने में आमला के युवा व जिंदादिल व्यक्तित्व वाले लोग सदा अग्रणी दिखाई देते है। ऐसा ही एक पुनीत उदाहरण सोमवार को भी देखने को मिला, जब जनसेवा कल्याण समिति को ग्राम धौसरा निवासी श्रीमति उषा संदीप पटवारी जी के लिए अर्जेंट ए पॉजिटिव रक्त का कॉल आया, समिति द्वारा मामले की गम्भीरता को अनुभव कर महाकाल मोबाइल के संचालक दुर्गेश चौकीकर व कपिल कापसे से सम्पर्क किया गया। दोनों ही जिंदादिल व्यक्तित्व के धनी युवाओं द्वारा इस पुण्य कार्य हेतू हामी भर दी, और अपने व्यवसाय व पारिवारिक कार्यो को छोड़ अविलंब बैतूल पहुँचे और जिला चिकित्सालय में उषा जी के लिए रक्तदान किया।
दोनों सेवाभावी रक्तदाताओं की तत्परता पर उन्हें सभी परिचितों ने बधाइयाँ प्रदान की।
ज्ञात हो कि जिले की अग्रणी संस्था जनसेवा कल्याण समिति विगत डेढ़ दशकों से रक्तदान के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, एवं संस्था प्रतिबद्ध भी है कि हर जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके, जिसके लिए समिति सदस्य हर रोगी को अपने परिवार का सदस्य मानते हुए उसके लिये रक्त जुटाने में लग जाते है, आज भी जनसेवा कल्याण समिति के राहुल धेण्डे, सागर चौहान व राजा राठौर प्राणरक्षा की इस मुहिम में सतत मुस्तेद रहे, एवं रक्तदान होने पर भी उपस्थित रहे।
वहीं रक्तदाता दुर्गेश चौकीकर व कपिल कापसे से रक्तदान के प्रति उनकी तत्परता के बारे में बात की तो उन्होंने बताया बाकी काम तो बाद में भी किये जा सकते है,लेकिन आवश्यकता पड़ने पर अगर हम किसी के काम न आ सके तो फिर हमारा इंसान होने का क्या फायदा, इसलिए जैसे ही हमे उस बहन के लिए रक्त की आवश्यकता की सूचना मिली हम बिना देर किए जिला चिकित्सालय पहुँच गए, रक्तदान के बाद मिलने वाला सुकून एक अलग ही अनुभव प्रदान करता है।
जनसेवा कल्याण समिति के सागर चौहान ने बताया दुर्गेश व कपिल जैसे जागरूक रक्तदाता ही आमला की परोपकारी भावना का आधार है। एक सेवाभावी संस्था के रूप में जनसेवा कल्याण समिति आगे भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेगी और सदैव प्रयासरत रहेगी कि रक्तदान की ये क्रांति सदैव आमला में चलती रहे