*तम्बाकू निषेध दिवस : गायत्री परिवार द्वारा निकाली जागरूकता रैली, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन* 

 

*घोड़ाडोंगरी* : तहसील समन्वयक डॉक्टर मनोज पाटणकर ने बताया कि विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार घोड़ाडोंगरी द्वारा रविवार सुबह जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली दुर्गा चौक से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।

रैली के दौरान तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “तम्बाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” तथा “नशा मुक्त समाज बनाएं” जैसे संदेश दिए।

रैली के समापन पर तहसील कार्यालय में तहसीलदार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में तम्बाकू उत्पादों पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति रोकने तथा जनजागरूकता अभियान को और मजबूत करने की मांग की गई।

गायत्री परिवार के तहसील समन्वय समिति के नशा मुक्ति व्यसन कुरीति उन्मूलन सदस्य विनोद झारबडे कहा कि तम्बाकू सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है और इससे अनेक जानलेवा बीमारियां जन्म लेती हैं। समाज को स्वस्थ एवं नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं को एवं परिजनों को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई एवं समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए कमर कस के तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि जब हमारा परिवार नशा मुक्त होगा फिर समाज नशा मुक्त होगा और फिर हमारा देश नशा मुक्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तम्बाकू सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में तहसील सामान्य समिति के सदस्य सुनील शर्मा जी, खेमराज पवार, गजानंद रघुवंशी जी,मधु यादव जी, दिलीप माटे, विनोद झरबडे का योगदान रहा। कार्यक्रम में महादेव पांसे, दशरथ गीत, हेमंत साहू , नितिन अग्रवाल,नितिन मालवीय,वासुदेव नागले,साहिल पवार,बाबू सपरा ,पाथाखेड़ा से नितेश सोनी,बबलू बनखेडे, अरविंद सोनी एवं नगर के अनेक युवा परिजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.