➡️ अस्थाई बिजली कनेक्शन में अनियमितता सम्बन्धी शिकायतों पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने जांच दल गठित करने के निर्देश
➡️ कलेक्टर डॉ. सोनवणे की #रात्रि_चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान
➡️ विक्रमपुर, बाकुड़, मोरडोंगरी एवं घोघरी में पेयजल, बिजली, सड़क और स्कूल संबंधी समस्याओं पर दिए निर्देश
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने घोड़ाडोंगरी विकासखंड के दूरस्थ ग्राम विक्रमपुर में रात्रि चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन एवं क्षेत्र के जलस्तर की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने मिड-डे मील (एमडीएम) राशन प्राप्त करने के लिए बाकुड़ जाने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग को विक्रमपुर में ही राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम विक्रमपुर एवं बाकुड़ में बाढ़ के पानी से मिट्टी कटाव की समस्या पर जनपद सीईओ को रिटेनिंग वॉल निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। मजदूरी भुगतान संबंधी शिकायतों पर त्वरित भुगतान कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्कूल के सामने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए स्पीड ब्रेकर एवं साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए। बिजली के अस्थायी कनेक्शन में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने तथा रसीद नहीं देने की शिकायत पर उपमहाप्रबंधक एमपीईबी को जांच दल गठित कर शिविर लगाकर शिकायतों के निराकरण एवं संबंधित कर्मचारियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने मोक्षधाम तक पहुंच मार्ग एवं पुलिया नहीं होने की समस्या बताई, जिस पर पंचायत को प्राक्कलन तैयार कर निर्माण प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। बच्चों के लिए खेल मैदान नहीं होने पर वन विभाग के प्रावधानों के अंतर्गत भूमि समतलीकरण कर उपयोग में लाने के निर्देश दिए गए।
#नल_जल_योजना की मोटर खराब होने से लगभग 20 दिनों तक पेयजल व्यवस्था प्रभावित रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। मोटर सुधार में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक का 20 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रिकालीन बिजली कटौती की समस्या के निराकरण के लिए भी एमपीईबी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अस्थायी बिजली कनेक्शन में 3 माह के स्थान पर 4 माह की राशि वसूले जाने संबंधी शिकायत पर एमपीईबी अधिकारियों ने बताया कि आवेदन में स्पष्ट उल्लेख होने पर अथवा 4 माह की राशि जमा होने की स्थिति में 3 माह उपयोग उपरांत एक माह की राशि वापस की जाएगी। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम मोरडोंगरी एवं धसेड़ में बिजली समस्या के समाधान के निर्देश दिए। ग्राम घोघरी में आंगनवाड़ी भवन नहीं होने तथा स्कूल के शौचालय बंद पड़े होने की समस्या पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देशित किया गया।
अभिलेख दुरुस्ती संबंधी आवेदनों पर तहसीलदार को त्वरित सुनवाई एवं निराकरण करने के निर्देश दिए गए। मोरडोंगरी में बरसात का पानी संपवेल में मिलने तथा वर्षाकाल में पेयजल संकट की समस्या के समाधान के लिए पीएचई एवं जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्त नहीं मिलने संबंधी आवेदनों की जांच कर निराकरण करने को भी कहा गया।इस दौरान एसडीएम शाहपुर श्री प्रपंज आर,अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।