रानीपुर (जिला बैतूल)।
पावन अधिक मास के शुभ अवसर पर आयोजित होने जा रहे श्री रामचरितमानस महायज्ञ, अखंड सीताराम संकीर्तन एवं देव प्राण प्रतिष्ठा के शुभारंभ अवसर पर कल 17 मई 2026 को रानीपुर स्थित बाबाजी की तपस्थली माधव गौशाला आश्रम से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एकल हरि कथा अभियान एवं गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कलश यात्रा में बैतूल जिले के अनेक ग्रामों सहित लगभग 200 ग्रामों से श्रद्धालुओं की सहभागिता होने की संभावना व्यक्त की गई है।
समिति के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति एवं सनातन चेतना जागरण का एक महाअभियान है। यात्रा के माध्यम से समाज में भक्ति, संस्कार, गौ संरक्षण एवं ग्राम जागरण का संदेश दिया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलश यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है। आश्रम परिसर में यात्रा को लेकर तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।