निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन, सैकड़ों लोगों ने लिया लाभ

 

 

जिला बैतूल (सारनी) । शोभापुर कॉलोनी स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी, मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड सारनी, WCL पाथाखेड़ा एवं संस्था ग्राम भारती महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित हुए और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में WCL पाथाखेड़ा के मुख्य महाप्रबंधक संजय मिश्रा उपस्थित रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका

परिषद सारणी के अध्यक्ष किशोर बरदे ने की। विशेष रूप से WCL विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति किए जा रहे सहयोग की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि WCL विभाग निरंतर जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिसका लाभ क्षेत्र के हजारों नागरिकों को मिल रहा है। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जगदीश पवार, श्रमजीवी पत्रकार संघ अध्यक्ष रंजीत सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी के बीएमओ डॉ. संजीव शर्मा, संस्था ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष भारती अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष नंदा सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य

नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर न केवल लोगों को उपचार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, बीएमओ डॉ. संजीव शर्मा एवं संस्था अध्यक्ष भारती अग्रवाल ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक के संचालन हेतु भवन उपलब्ध

कराने एवं स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग के लिए WCL पाथाखेड़ा का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड सारणी का भी विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला रोग, सामान्य रोग एवं मानसिक रोग से संबंधित मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस शिविर में विशेष रूप से सिकल सेल जांच बीपी, शुगर की जांच की गई साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए एवं शिविर में होमियोपैथिक, एवं आयुर्वेदिक दवाइयों के साथ ही मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न प्रकार की निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। उक्त कार्यक्रम में लगभग 700 से ज्यादा संख्या में पहुंचे नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच कराकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से उचित सलाह प्राप्त की और आयोजन की सराहना की। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिविर में आए सभी हितग्राहियों के लिए ठंडे पेयजल एवं ORS घोल की विशेष व्यवस्था की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम,

चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं के लिए जलपान एवं भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संस्था ग्राम भारती महिला मंडल की टीम, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.