बैतूल, 26 अक्टूबर।
लोक भारती संगठन से सम्बद्ध बंगाली समाज की राष्ट्रप्रेरित इकाई बंगो लोक भारती की जिला कार्यकारिणी बैठक मधुमंगल सरकार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। प्रस्ताव अनुसार सभी 10 संकुल केंद्रों में समाजसेवी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर स्थानीय इकाइयों का गठन किया जाएगा। साथ ही, 16 नवंबर 2025 को आयोजित प्रबुद्धजन गोष्ठी में समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। आगामी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती (23 जनवरी) को बंगाली समाज द्वारा “गौरव एवं वीरत्व दिवस” के रूप में भव्य आयोजन हेतु 55 जिलों में 50,000 से अधिक समाजबंधुओं को एकत्र कर इसे ऐतिहासिक स्वरूप देने का संकल्प लिया गया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद जयंती (12 जनवरी) से नेताजी जयंती तक संकुल केंद्रों पर पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
बैठक में भाषा, संस्कृति, पर्यावरण और गो-आधारित प्राकृतिक खेती जैसी विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बटकीडोह संस्कार केंद्र में बंगाली भाषा शिक्षण कक्षाओं में अब तक 10 कार्यकर्ताओं ने पढ़ना-लिखना सीखा है। बैठक में प्रदेश संयोजक संजीव रॉय, प्रदेश युवा प्रमुख रणवीर बिस्वास, जिला संरक्षक हरेकृष्ण बैरागी, भाषा प्रमुख नारायण चंद्र बल, संस्कार संस्कृति प्रमुख चंचल वैद्य, व्यवस्था प्रमुख दिजवर मिस्त्री, संपर्क प्रमुख दिवाकर हालदार, प्रचार प्रमुख बापी बैन, लोक कला प्रमुख कृष्णपद राय, सह लोक कला प्रमुख गोविंद सरकार, मातृशक्ति प्रमुख श्रीमती संगीता पांडे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन मंगलगान और समाज सेवा के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें संगठन, संस्कृति और समाज उत्थान हेतु निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।







