*केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को विधायक उईके ने लिखा पत्र: टोल वसूली रोकने की मांग*
बैतूल । घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखकर बैतूल से औबेदुल्लागंज तक के फोरलेन मार्ग पर कुंडी टोल प्लाजा पर टोल वसूली रोकने की मांग की है।
विधायक उईके ने आरोप लगाया है कि फोरलेन निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, खासकर बरेठा घाट, भौरा और इटारसी के निकटवर्ती हिस्सों में सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। इसके बावजूद टोल वसूली की जा रही है, जो आम जनता के साथ अन्याय है।
विधायक उईके ने मांग की है कि जब तक फोरलेन निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। इसके अलावा उन्होंने अधूरे फोरलेन मार्ग की गुणवत्ता, एलाइनमेंट और निर्माण कार्य की जांच किसी स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञ एजेंसी से कराने, बैतूल जिले के स्थानीय निवासियों को टोल टैक्स से छूट प्रदान करने और अपूर्ण फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य को त्वरित गति से पूर्ण कराने की मांग की है।
विधायक उईके ने कहा है कि क्षेत्र की जनता में इस विषय को लेकर अत्यंत असंतोष व्याप्त है और उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया है कि इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक निर्देश संबंधित विभाग को प्रदान करने की कृपा करें।







