यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आदिवासी समाज सड़कों पर उतरेगा – विधायक गंगा उईके
शाहपुर /बैतूल । घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बर्रीढाना में आदिवासी परिवार पर बंदूक, तलवार और डंडों से किए गए हमले और जातिसूचक गालियों की घटना ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित पक्ष द्वारा थाना चोपना में बार-बार शिकायत करने के बावजूद आरोपियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से मामला राजनीतिक गरमाहट में आ गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि पीड़ित आदिवासी परिवार पर हमलावरों ने न केवल जानलेवा हमला किया बल्कि महिला सदस्य के साथ अभद्रता और बलात्कार की धमकी देकर समाज को झकझोर देने वाला कृत्य किया है। यह केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की अस्मिता पर आघात है। यदि प्रशासन ने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और पीड़ित परिवार को सुरक्षा नहीं दी गई, तो आदिवासी समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुखलाल धूर्वे ने 27 अप्रैल को थाना चोपना में आवेदन देकर संजय (संतोष) यादव, विजय यादव (ग्राम बर्रीढाना) और पवन यादव (ग्राम डांडीवाड़ा, तहसील केसला) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हमले में सुखलाल की बायीं आंख पर गहरी चोट आई है और उसका भाई छन्नू धूर्वे गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका पैर तोड़ दिया गया।
विधायक ने इस मामले में SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा है कि यदि इस प्रकरण में ढिलाई बरती गई, तो यह मान लिया जाएगा कि प्रशासन दोषियों के साथ खड़ा है।
इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
जनता में बढ़ रहा आक्रोश
बर्रीढाना प्रकरण को लेकर आदिवासी संगठनों और समाज में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि आदिवासियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यदि इसी तरह प्रशासन मूकदर्शक बना रहा, तो सामाजिक सौहार्द पर गहरा आघात पड़ेगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस प्रशासन विधायक की चेतावनी और जनभावनाओं को कितनी गंभीरता से लेता है।







