*ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत मोहखेड़ जल प्रदाय योजना का एक्सपोज़र विजिट आयोजित*

*ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत मोहखेड़ जल प्रदाय योजना का एक्सपोज़र विजिट आयोजित*

14 नवंबर 2024: ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा मध्यप्रदेश जल निगम के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन परियोजना के तहत मोहखेड़ ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण जल आपूर्ति और जल प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रतिभागियों को जानकारी दी गई। विजिट के दौरान प्रतिभागियों ने जल प्रदाय योजना के विभिन्न घटकों, जैसे वाटर फिल्टर प्लांट और इंटेक वेल, का अवलोकन किया। इस अवसर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता तदर्थ समिति के सदस्यों सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उक्त
कार्यक्रम में पी.ई.यू. छिंदवाड़ा से महाप्रबंधक श्री अविनाश दिवाकर, उप महाप्रबंधक श्री बसंत

बेलवंशी, और प्रबंधक (जन सहभागिता) श्री विजय बारेवार की उपस्थिति रही। उन्होंने समिति के सदस्यों को जल प्रबंधन, जल संरक्षण, और ग्रामीण जल आपूर्ति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। श्री बसंत बेलवंशी जी ने समिति के सदस्यों को अंशदान और जलकर की महत्ता के बारे में विस्तार से समझाया। वहीं, श्री विजय बारेवार जी ने ग्रामवासियों को यह सुनिश्चित करने की अपील की कि यह योजना उनकी अपनी संपत्ति है और इसके सफल क्रियान्वयन में सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती अनिता चौधरी ने समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की और अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि किस तरह शुरुआत में कठिनाइयों का सामना करते हुए उन्होंने अपने साहस और दृढ़ता से गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया। उनकी सफलता से प्रेरित होकर श्री अविनाश दिवाकर ने आशा जताई कि बैतूल जिले से भी एक “अनिता” निकलकर इस तरह की मिसाल कायम करेगी।  इस विजिट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रणाली की गहन समझ विकसित करना और जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करना था। सभी प्रतिभागियों ने तकनीकी और प्रबंधन से जुड़े पहलुओं को समझने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। यह आयोजन ग्राम भारती महिला मंडल की ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्वच्छता और प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस पहल से ग्रामीण समुदायों में जल संसाधनों के समुचित उपयोग और स्वच्छ पेयजल की महत्ता पर जागरूकता बढ़ी है। युक्त कार्यक्रम में श्री अविनाश दिवाकर महाप्रबंधक, श्री बसंत बेलवंशी उप महाप्रबंधक, श्री विजय बारेवार प्रबंधक (जन सहभागिता), श्रीमती भारती अग्रवाल अध्यक्ष सहायक क्रियान्वयन संस्था, श्री लीलाधर गडेकर परियोजना प्रबंधक सहित अन्य कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Comments are closed.