सोशल मीडिया पर सड़क बनवाने के लिए अपील कर रहे जागरूक लोग।
यहां खंडवा मुंदी सड़क पर चलना मुश्किलों भरा हो गया और आप हैं कि देखते भी नहीं
खंडवा :- सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कई दावे किए गए। बावजूद इसके, खस्ताहाल सड़कें आज भी परेशानी का सबब बनी हुई हैं। खंडवा से मुंदी रोड को सुधारने के लिए हर साल लंबी चौड़ी प्लानिंग बनाती रहती है। रोड बनाया भी गया करोड़ों रुपए खर्च हुए लेकिन आज रोड की यह हालत है कि पैदल चलने लायक नहीं हैं। कई बार समाचार पत्रों में रोड की हालत के विषय में समाचार भी प्रकाशित किया लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। अब लोगों ने इसकी मांग सोशल मीडिया पर उठाई है।
खंडवा से मुंदी रोड की हालत दयनीय है। प्रतिदिन इस रोड पर वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं इस रोड पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना तक दूभर है। लोग सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। कुछ जगह गड्ढे भर दिए गए, लेकिन उसके बाद से आज तक सड़क की मरम्मत के बारे में सोचा ही नहीं। जबकि सिंहाड़ा और जावर के बीच टोल नाका लगाकर वाहन चालकों से शुल्क लिया जा रहा है। प्रतिदिन चलने वाले वाहन चालकों ने कहा कि जब रोड ही नहीं सही है। तो वसूली किस बात की की जा रही है। यह एक बड़ा सवाल है। सड़क को गड्ढामुक्त बनाने के लिए कुछ जगह मुरूम डाल दी गई। इस खानापूर्ति के बाद यह सड़क आज तक पूरी तरह नहीं बनी।
आए दिन होते हैं हादसे
अब हालत यह है कि पूरी सड़क पर धूल- मिट्टी उड़ती रहती है। बरसात होने पर तो सड़क पर कीचड़ व गारा हो जाता है। जिसके कारण वाहन चालक गिरकर दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कारोबार धूल मिटटी के कारण प्रभावित रहता है।







