प्रदेश कांग्रेस ने आज मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपना वचन पत्र जारी किया। वचन पत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जारी किया। वचन पत्र में किसानों का कर्ज माफ करने, महिलाओं को प्रतिमाह 1500/-रूपए नारी सम्मान निधि,घरेलू गैस सिलेंडर 500/- रूपए में देने, बिजली बिल 100 यूनिट तक माफ और 200 यूनिट हाफ दर पर, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और समर्थन मूल्य बढ़ाने जैसे विभिन्न वचन शामिल हैं। वचन पत्र पर प्रतिक्रिया
व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे कांग्रेस का महाझूठ पत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 5 साल पहले भी उन्होंने 900 से ज्यादा वचन दिए थे जिसमें से 9 भी पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि इस झूठ पर जनता भरोसा नहीं करने वाली क्योंकि जनता जानती है भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है।







