Betul : बैतूल कलेक्टर दरी पर बैठकर ग्रामीणों की सुन रहे समस्या

कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिलाष मिश्रा ने बुधवार को तहसील आठनेर के ग्राम सिवनपाट एवं तहसील बैतूल के घोघरी में आयोजित संयुक्त चौपाल में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं एवं संबंधित अधिकारियों को उचित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय राजस्व अधिकारी बैतूल श्री के.सी. परते एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सिवनपाट में आयोजित संयुक्त चौपाल में ग्रामीणों द्वारा गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर श्री बैंस ने नियमानुसार बीएसएनएल का टॉवर लगवाने के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ग्राम में माध्यमिक शाला भवन की बिल्डिंग जीर्ण-शीर्ण होने के कारण नए भवन का निर्माण करवाने के लिए भी कलेक्टर द्वारा उचित कार्रवाई के लिए कहा गया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम की माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया एवं विद्यार्थियों से शैक्षणिक गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अंकुर अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने यहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। ग्राम सिवनपाट की प्राथमिक शाला में शिक्षक नियमित रूप से नहीं आने की शिकायत मिलने पर उक्त शिक्षक को नियमित उपस्थित होने की चेतावनी दी गई। कलेक्टर द्वारा पटवारी को शीघ्रता से ई-केवायसी, आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण करने हेतु पाबंद किया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गिरदावरी का कार्य भी समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। ग्राम के दिव्यांगों एवं बुजुर्गों को सहूलियत से राशन उपलब्ध कराने के लिए भी सरपंच को कहा गया।
सेहरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
———————————————-
कलेक्टर श्री बैंस एवं सीईओ श्री मिश्रा ने भ्रमण के दौरान ग्राम सेहरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। प्रसव कक्ष, डिलेवरी पाइंट, ड्रेसिंग रूम का अवलोकन कर पदस्थ स्टाफ से मरीजों की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही प्रसवोत्तर वार्ड में भर्ती माताओं से चर्चा की। उन्होंने आयरन सुक्रोज इंजेक्शन (अल्प एनीमिया) का उपचार लेने वाली महिलाओं से चर्चा की एवं उन्हें चिन्हांकित किये जाने संबंधी जानकारी ली। प्रसव एवं रैफरल रजिस्टर, रैफरल स्लिप, लेब का रिकार्ड एवं लाइन लिस्टिंग का अवलोकन कर खून में कमी वाले सेम्पलों की जानकारी ली। दवाइयों की उपलब्धता एवं अनिवार्य तथा आवश्यक दवाइयों की भी जानकारी ली।
सेहरा में उचित मूल्य की राशन दुकान का निरीक्षण
—————————————–
श्री बैंस एवं श्री मिश्रा ने ग्राम सेहरा में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक का वेरिफिकेशन किया एवं उपभोक्ताओं से नियमित रूप से राशन मिलने की जानकारी ली।
घोघरी में आयोजित संयुक्त चौपाल में भी पहुंचे कलेक्टर व सीईओ जिपं
————————————————-
कलेक्टर श्री बैंस एवं सीईओ जिपं श्री मिश्रा ने बैतूल तहसील के ग्राम घोघरी में आयोजित संयुक्त चौपाल में पहुंचे। जहां उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न शासकीय योजनाओं के संबंध में चर्चा की एवं उनको मिल रहे लाभों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नामांतरण-बंटवारा की स्थिति भी जानी। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इस दौरान उन्होंने एनीमिया के लक्षण वाले बच्चों के अभिभावकों से जानकारी की एवं एनीमिया की रोकथाम संबंधी उपायों के संबंध में भी चर्चा की।
घोघरी में आंगनबाड़ी एवं पोषण वाटिका का निरीक्षण किया
————————————————-
कलेक्टर श्री बैंस एवं सीईओ जिपं श्री मिश्रा ने ग्राम घोघरी में आंगनबाड़ी भवन की साज-सज्जा देखी एवं यहां तैयार पोषण वाटिका का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों कार्यों की सराहना भी की।
निर्माणाधीन घोघरी जलाशय की प्रगति देखी
——————————-
कलेक्टर श्री बैंस एवं सीईओ जिपं श्री मिश्रा ने ग्राम घोघरी में निर्माणाधीन जलाशय का निरीक्षण किया एवं कार्य की प्रगति देखी। निर्माण एजेंसी को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सेलगांव एवं जूनावानी में एनीमिया मुक्त युवा अभियान के संबंध में जानकारी ली
————————————————-
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री बैंस ने ग्राम सेलगांव जूनावानी में एनीमिया मुक्त युवा अभियान के तहत बच्चों के स्क्रीनिंग कार्य की जानकारी ली। ग्राम सेलगांव में एक बच्चा सिकलसेल बीमारी से प्रभावित पाए जाने पर उसका गंभीरता से परीक्षण किए जाने के निर्देश दिए। उप स्वास्थ्य केन्द्र के ग्राम जूनावानी में आयोजित एनीमिया मुक्त युवा अभियान के तह आयोजित शिविर में स्क्रीनिंग प्रगति का अवलोकन किया।
लाखापुर एवं बरई में भी ग्राम चौपालें आयोजित
—————————————-
तहसील बैतूल अंतर्गत ग्राम लाखापुर में आयोजित संयुक्त चौपाल में आवेदक रेखा पति रामशंकर तथा गुड्डू, विनिता एवं चिंधू की भूमि पर अनावेदकों द्वारा किया गया अवैध कब्जा हटाया गया। ग्राम कन्हडग़ांव में आठ अतिक्रमणकारियों द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। नामांतरण के 9 एवं बंटवारे के 6 प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे गए। अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र, स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला तथा सहकारी समिति का निरीक्षण किया गया।
तहसील मुलताई अंतर्गत ग्राम बरई में आयोजित संयुक्त चौपाल में ग्राम हिवरा में दो स्थानों पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया, इनका बाजार मूल्य 6 लाख 43 हजार 403 रुपए है। ग्राम बरई में घोषित आबादी, चरनोई मद की भूमि कुल रकबा 0.034 हे. का अतिक्रमण हटाया गया। इस भूमि का बाजार मूल्य 37 हजार 400 रुपए है। चौपाल में नामांतरण बंटवारे के 16 प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे गए। अधिकारियों द्वारा ग्राम के आंगनबाड़ी केन्द्र एवं शासकीय स्कूलों का भी निरीक्षण किया गया।







