शोभापुर। ग्राम भारती महिला मंडल संस्था परिसर एवं संस्था द्वारा संचालित शक्ति सदन में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में संस्था के कार्यकर्ताओं, सदस्यों, शक्ति सदन में निवासरत महिलाओं एवं बच्चों ने
उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक तिरंगा यात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं, सदस्यों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसी क्रम में शक्ति सदन में राष्ट्रगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। शक्ति सदन में निवासरत बालिका
कु. पूर्णाश्री द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं, शक्ति सदन में निवासरत महिलाओं एवं बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मूल्यांकन श्रीमती पूनम शुक्ला एवं श्रीमती अर्चना मोहंती द्वारा निर्णायक के रूप में किया गया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा प्रथम,
द्वितीय एवं तृतीय स्थान के साथ सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही संस्था के कार्यों में उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता के लिए कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन श्रीमती ज्योति बागड़े द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी कुशल संचालन शैली से पूरे आयोजन को रोचक एवं अनुशासित बनाए रखा।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी, सचिव श्रीमती आरती झारबड़े, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती पार्वती बागड़े, परियोजना अधिकारी श्री लीलाधर गड़ेकर सहित संस्था के कार्यकर्ता, सदस्य, शक्ति सदन में निवासरत महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन ने सभी उपस्थितजनों में “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना को और मजबूत किया।