_नल कनेक्शन शुल्क एवं जलकर जमा करने लगाए गए थे वार्डवार शिविर, कनेक्शन शुल्क जमा नहीं करने वालों पर हो सकती है कार्यवाही।_
सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में जलावर्धन योजना के तहत नल कनेक्शनों का शुल्क एवं जलकर संग्रहण करने हेतु वार्ड वार लगाए गए विशेष शिविरों सभी के सामूहिक प्रयासों से अब तक 19.60 लाख रूपए की वसूली की गई। नगर पालिका ने अभी तक जिन लोगों ने उक्त राशि जमा नहीं की है उनसे अतिशीघ्र राशि जमा करने का आग्रह किया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि जलावर्धन योजना के तहत नल कनेक्शन एवं जलकर जमा करने के लिए जुलाई एवं अगस्त माह में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं पूरी टीम के सतत प्रयासों से घर-घर सर्वे किया गया। नगर के सभी 36 वार्डों में आयोजित शिविरों में कई लोगों ने कनेक्शन शुल्क की राशि जमा की।
इस तरह 10 अगस्त तक आयोजित शिविरों में कुल 19. 60 लाख रूपए की वसूली की गई। वार्ड 20 में 60 हजार, वार्ड 5 में 1.04 लाख एवं वार्ड 14 में 1.20 लाख की रिकार्ड वसूली हुई। जिन लोगों ने नल कनेक्शन शुल्क जमा नहीं किया है अतिशीघ्र इसे जमा करें एवं होने वाली कार्यवाही एवं असुविधा से बचें। आम नागरिक कार्यालय नगर पालिका परिषद सारनी एवं उपक्षेत्रीय कार्यालय नगर पालिका परिषद पाथाखेड़ा में उपस्थित होकर नल कनेक्शन शुल्क एवं जलकर की राशि जमा कर सकते हैं।