शासकीय हाई स्कूल साकेत, नर्मदापुरम में जड़ी-बूटी दिवस पर पौधारोपण एवं औषधीय पौधों का वितरण

 

 

 

 

नर्मदापुरम। शासकीय हाई स्कूल साकेत के मेकलसुता ईको क्लब द्वारा जड़ी-बूटी दिवस के अवसर पर औषधीय पौधों के रोपण एवं वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा पारंपरिक औषधीय पौधों के महत्व से परिचित कराना था।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती रेखा बड़गोत्री ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जड़ी-बूटी के पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं, जो हमारे स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों एवं आसपास अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में तुलसी, एलोवेरा, गिलोय, अश्वगंधा सहित विभिन्न प्रकार के औषधीय एवं जड़ी-बूटी पौधों का रोपण किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने घरों में इनका संरक्षण एवं संवर्धन कर सकें। इस पहल से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और औषधीय पौधों के प्रति रुचि एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई।

 

कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर शिक्षक सुरेश कुमार पटेल, चंद्र मोहन गौर, संजय दमाड़े, रामविलास कामले, श्रीमती मंजू यादव, ज्योति यादव एवं श्रीमती आभा चौरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

 

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रकृति, पर्यावरण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.