*NO. 1 Glow Studio बगडोना की सराहनीय पहल: गरीबी रेखा के अंतर्गत आने वाली छात्राओं एवं महिलाओं के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण*

 

 

जिला बैतूल (सारनी)। महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत No. 1 Glow Studio ब्यूटी पार्लर में 15 जून 2026 से गरीबी रेखा के अंतर्गत आने वाली छात्राओं एवं महिलाओं के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।

 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शासकीय कॉलेज बगडोना की चयनित छात्राओं के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं को भी शामिल किया गया है। अधिकांश प्रतिभागी अध्ययनरत बालिकाएं हैं, जो प्रशिक्षण के माध्यम से व्यावसायिक कौशल अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए प्रशिक्षण का संचालन तीन बैचों में किया जा रहा है, जिससे सभी को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।

 

इस प्रशिक्षण में ग्राम चोपना एवं आसपास के अन्य ग्रामों से भी बड़ी संख्या में छात्राएं एवं महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यह प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं युवतियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है।

 

प्रशिक्षण का संचालन No. 1 Glow Studio की संचालिका श्रीमती अर्चना (मोना) मोहंती द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “आज मैं जो कुछ भी हूँ, उसमें ग्राम भारती महिला मंडल का सबसे बड़ा योगदान है। मैंने स्वयं ग्राम भारती महिला मंडल से ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उसी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की बदौलत आज मैं सैकड़ों महिलाओं एवं युवतियों को यह कौशल सिखाने में सक्षम हूँ।”

 

इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। साथ ही श्रीमती पूनम शुक्ला, श्रीमती पूनम तिवारी, श्रीमती त्रिवेणी रघुवंशी  एवं अन्य सहयोगियों का भी समय-समय पर महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके कारण अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्राओं एवं महिलाओं को इस प्रशिक्षण से जोड़ने का अवसर मिला।

 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी केयर, स्किन एवं हेयर ट्रीटमेंट, मेकअप, पर्सनल ग्रूमिंग तथा ग्राहक व्यवहार सहित विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागी स्वयं का स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

 

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनके कौशल को औपचारिक पहचान मिल सके और वे भविष्य में स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

 

यह पहल महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास है, जिसकी स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.