जिला बैतूल (सारनी)। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड, सारणी के सौजन्य से CSR गतिविधियों अंतर्गत तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी के सहयोग से ग्राम बेलोंड में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना एवं लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना था।
शिविर में ग्राम बेलोंड एवं आसपास के क्षेत्रों के लगभग 128 पुरुषों, महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी से डॉ. पुरुषोत्तम सरयाम (ए.एम.ओ.), डॉ. पद्मा नागवंशी (ए.एम.ओ.), नरेश झरबड़े (फार्मासिस्ट), सुश्री वर्षा गढ़ेकर (फार्मासिस्ट) एवं किरण साकरे (सीएचओ) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकीय टीम द्वारा ग्रामीणों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित प्रसव, पोषण, स्वच्छता एवं विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान गंभीर कुपोषण से ग्रसित एक दो वर्षीय बच्चे की पहचान कर उसे उपचार एवं पोषण संबंधी परामर्श हेतु पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भेजा गया। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित कर मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनके समुचित देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में स्वास्थ्य शिविर में सहयोग प्रदान करने वाली चिकित्सकीय टीम को संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उपस्थित जनसमुदाय को स्वल्पाहार भी कराया गया। कुछ महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्रामीण समुदाय के विकास एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। संस्था द्वारा ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मान स्वरूप भेंट प्रदान की गई, जिससे महिलाओं की आत्मनिर्भरता एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहन मिले।
*संस्था द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी के बी.एम.ओ. महोदय एवं स्वास्थ्य विभाग की समस्त चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य टीम के प्रति विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।*