*पी.आई.सी. की बैठक : छठ पूजा घाट का होगा सौंदर्गीकरण, आवारा श्वानों पर कसेगी लगाम, विभिन्न निर्माण कार्यों की दरों को दी मंजूरी*
_प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक में तय एजेंडे अनुसार 33 प्रस्तावों पर चर्चा, गर्मी के दिनों स्वच्छ भारत मिशन और पेजयल सप्लाई के कार्यों पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश।_
सारनी। नगर पालिका परिषद सारनी में मंगलवार को प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तय एजेंडे अनुसार विभिन्न 33 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान छठ पूजा घाट के सौंदर्गीकरण हेतु ऑनलाइन प्राप्त दरों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा अन्य निर्माण कार्यों की दरों पर विचार विमर्श हुआ।
प्रेसिडेंट इन काउंसिल की बैठक सायं 5 बजे से सभाकक्ष में हुई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, सभापति भीम बहादुर थापा, गणेश महस्की, भावना माकोड़े, संगीता धुर्वे, बेबी ठाकुर, रोशनी झपाटे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम उपस्थित थे। बैठक में एजेंडे अनुसार सभी 33 बिंदुओं पर चर्चा हुई। इसमें मुख्यतः छठ पूजा घाट के सौंदर्गीकरण को लेकर चर्चा हुई। ऑनलाइन निविदा पर प्राप्त दर को मंजूरी दी गई। इसके अलावा निर्माण कार्य, रंग, रोगन, पुताई, टायर-ट्यूब हेतु वार्षिक दरों पर चर्चा हुई। मठारदेव बाबा के तलहटी मंदिर में बने मंगल भवन के कमरों की साज-सज्जा के कार्य हेतु दरों की मंजूरी हुई। सार्वजनिक पार्कों में जिम उपकरणों की स्थापना को स्वीकृति दी गई। वार्ड 9, 17, 22, 24 एवं 35 के पार्कों के संचालन, संधारण कार्य की निविदा दरों पर भी चर्चा की गई।
*आवारा श्वानों का होगा बधियाकरण एवं टीकाकरण :*
नगर पालिका आवारा श्वानों का बधियाकरण एवं टीकाकरण करेगी। इसके लिए नगर पालिका ने निविदा जारी की। इसकी दरों पर विचार, विमर्श हुआ। बैठक के दौरान अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्वच्छ भारत अभियान एवं भीषण गर्मी को देखते हुए सतत जलप्रदाय के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।