दिनांक 13 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत घटिया, जिला उज्जैन में मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित, परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU) उज्जैन द्वारा क्लस्टर स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पंचायत भवन में आयोजित हुआ, जिसमें विकासखण्ड घटिया के लगभग 23 ग्रामों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि एवं शिक्षकगण शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री कन्हैया लाल वर्मा (SQC विभाग, उज्जैन) द्वारा किया गया। इस अवसर
पर मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच श्री यशवंत सिंह मालवीय उपस्थित रहे। साथ ही जनपद पंचायत घटिया से श्री रविंद्र जाधव, ग्राम पंचायत सचिव श्री अंबर सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि एवं स्कूल के प्राचार्य द्वारा सरस्वती पूजन किया गया।
कार्यशाला में सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपना परिचय देते हुए नल-जल योजना के महत्व पर चर्चा की। श्री कन्हैया लाल वर्मा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजना, अंशदान, जलकर एवं शुद्ध पेयजल के लाभों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। परियोजना समन्वयक श्री जितेंद्र वर्मा एवं श्री मनोज खेलवाल सहित टीम के अन्य सदस्यों ने योजना से जुड़ी गतिविधियों और क्षेत्र में किए जा रहे प्रचार-प्रसार एवं क्षमता विकास कार्यों के बारे में
विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन श्री जितेंद्र वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव श्री संतोष परिहार द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को योजना के उद्देश्य, क्रियान्वयन और सामुदायिक सहभागिता की अहम भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
