आठनेर- ब्लॉक के ग्राम जावरा में जगत जननी मां कालका मंडल द्वारा मां काली की भव्य शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव से किया गया। शोभायात्रा बैंड-बाजों की गूंज और आकर्षक झांकियों के साथ पूरे गांव में भ्रमण करती हुई निकली। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पर पूजन अर्चन कर मां काली का स्वागत किया।
शोभायात्रा से पूर्व मंडल के युवाओं ने एक अनोखा संकल्प लिया कि झांकी में DJ पर केवल भक्ति गीत ही बजेंगे। इस संकल्प को पूर्ण रूप से निभाया गया और यात्रा के प्रारंभ से लेकर समापन तक केवल देवी-भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही। भक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में श्रद्धालुओं ने आनंदपूर्वक भाग लिया। युवाओं की यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन और धार्मिक वातावरण निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी मानी जा रही है।
यह मंडल ग्राम का पहला ऐसा है जिसने मां काली की स्थापना की है स्थापना से लेकर दशहरे तक प्रतिदिन माता रानी के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना और आरती आयोजित की गई। वहीं हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीणों को धर्म और संस्कृति से जोड़े रखा गया।
पूरे आयोजन में ग्रामवासियों की व्यापक भागीदारी रही। महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने माता की आरती और झांकियों का आनंद लिया। श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने ग्राम जावरा को भक्ति और संस्कृति से सराबोर कर दिया।







