विधायक ने दिया : निराधार आरोपों पर स्पष्टीकरण

प्रेस विज्ञप्ति

प्रेषक: विधायक, घोड़ाडोंगरी विधानसभा
विषय: यादव समाज के तथाकथित राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों पर स्पष्टीकरण
हाल ही में स्वयं को यदुवंश समाज का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले एक व्यक्ति द्वारा मुझ पर कुछ भ्रामक एवं तथ्यहीन आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें लेकर मैं अपना पक्ष सार्वजनिक रूप से रखना आवश्यक समझती हूं।
मैं भाजपा की एक समर्पित कार्यकर्ता हूं और मेरे लिए सभी समाज, विशेषकर यादव समाज का सदा सम्मान रहा है। यादव समाज ने मेरी चुनावी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है

और आज भी समाज के कई कर्मठ कार्यकर्ता मेरे साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। मैं समय-समय पर यादव समाज के कार्यकर्ताओं से भेंट करती रहती हूं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का प्रयास करती हूं।
जिस दिन उक्त व्यक्ति मेरे निवास पर अचानक आए, उस समय मैं पारिवारिक कारणों से—अपने भाई के विवाह समारोह हेतु—तत्काल निकल रही थी। समयाभाव में मैंने उन्हें विनम्रता से कहा कि इस समय मैं नहीं मिल पाऊंगी, बाद में भेंट करेंगे। यह एक सामान्य परिस्थिति थी, जिसे गलत रूप में प्रस्तुत कर मेरी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरा किसी समाज अथवा संगठन की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और न ही मैंने ऐसा कोई कार्य किया है। मेरा राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पारदर्शिता, सम्मान और सेवा के सिद्धांतों पर आधारित है।

सभी नागरिकों और समाज बंधुओं से आग्रह है कि इस प्रकार के भ्रामक बयानों पर ध्यान न दें और समाज में सौहार्द बनाए रखें।
– विधायक, घोड़ाडोंगरी विधानसभा
भारतीय जनता पार्टी

Comments are closed.