*ज्ञापन ; सीईओ को बनाएं आरोपी, सभी जिम्मेदार अधिकारियों पर हो कार्यवाही*
*स्वच्छ भारत मिशन में हुए घोटाले का मामला*
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में भीमपुर और चिचोली में हुआ करोड़ों का घोटाला अब प्रदेश स्तर पर गूंजने लगा है। इस मामले को आदिवासियों के हितों से खिलवाड़ बताते हुए आदिवासी विकास परिषद (युवा) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक उईके ने जिले के दौरे पर आए प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को कल एक ज्ञापन सौंप कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने इस फर्जीवाड़े में जनपद पंचायत के तत्कालीन सीईओ अभिषेक वर्मा को भी आरोपी बनाने की मांग की है।
श्री उईके ने प्रभारी मंत्री से चर्चा करते हुए बताया कि करोड़ों के इस घोटाले में जांच के नाम पर सिर्फ आउटसोर्स कर्मियों को हटाकर कार्यवाही का दिखावा किया गया है जबकि असली जिम्मेदारी तत्कालीन सीईओ और निरीक्षण के लिए जिम्मेदार अन्य अधिकारियों की है। लेकिन सीईओ को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। सीईओ की डीएमसी से भुगतान हुआ है जो कि उनके डिजिटल हस्ताक्षर है। इससे बड़ा प्रमाण और क्या चाहिए। लेकिन बावजूद इसके अभी तक इस मामले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक वर्मा की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है।
आदिवासी विकास परिषद युवा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक उईके ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में हुए इस घोटाले से आदिवासियों के हितों का खिलवाड़ हुआ है। अतः इस मामले में शासन के धन का दुरुपयोग करने वाले और आदिवासी हितों से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तरीय एवं साइबर जांच भी होना चाहिए। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई न होने पर आदिवासी विकास परिषद (युवा) द्वारा आदिवासी बंधुओं को साथ लेकर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है।
श्री उइके ने बताया कि प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने उन्हें इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार के दोषी किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments are closed.