बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शहीद स्मारक बंजारीढाल में भव्य कार्यक्रम

बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शहीद स्मारक बंजारीढाल में भव्य कार्यक्रम

बैतूल । गुरुवार को शहीद स्मारक ग्राम बंजारीढाल में शहीद गंजनसिंह कोरकू जी की पावन धरा पर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाने के उपलक्ष में यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के राज्य स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति के सदस्य और विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने की। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, और जनजाति समाज के उत्थान के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि

जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष कर स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उइके ने अन्य जनजातीय क्रांतिकारियों के योगदानों पर भी प्रकाश डाला और युवा पीढ़ी से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के विचारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें जनजातीय परंपराओं और संस्कृतियों की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी बिरसा मुंडा और शहीद गंजनसिंह कोरकू के बलिदानों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हमें संघर्ष और समाजसेवा की सीख देता है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

Comments are closed.