लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: शुरुआती रुझानों में

18वीं लोकसभा के चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। आज आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव और 25 अन्य विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए भी मतगणना हो रही है।

 

ताजा रुझान के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने लोकसभा चुनाव में अच्छी बढ़त बना ली है। एनडीए अब तक एक सीट जीत चुका है और 255 सीटों पर आगे है। वहीं, आईएनडीआई गठबंधन 192 सीटों पर आगे चल रहा है। इसके अलावा, अन्‍य 23 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।  भारतीय जनता पार्टी 168 सीटों पर जबकि कांग्रेस 65 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

आगे चल रहे प्रमुख उम्मीदवारों में प्रधानमंत्री और वाराणसी से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नरेन्‍द्र मोदी, गांधीनगर से केंद्रीय मंत्री अमित शाह, अमेठी से स्मृति ईरानी, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुंबई नॉर्थ से पीयूष गोयल के नाम प्रमुख हैं। इनके अलावा मध्‍य प्रदेश में विदिशा से भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान, मंडला सीट से फग्गन सिंह कुलस्ते और कन्नौज से समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव तथा मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव आगे हैं।

 

आंध्र प्रदेश में 25 लोकसभा सीटों में से तेलुगू देशम पार्टी और भाजपा एक सीट पर आगे है।
तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटों में से भाजपा 3 और कांग्रेस एक सीट पर आगे है।

 

उत्‍तराखंड में पांच लोकसभा सीटों में से भाजपा 3 पर आगे है। यहां गढ़वाल सीट से भाजपा के अनिल बलूनी बढ़त बनाए हुए हैं।

 

महाराष्ट्र में चार सीटों के रुझान मिले हैं। भाजपा और शिवसेना का उद्धव ठाकरे गुट दो-दो सीटों पर आगे चल रहे हैं। मुंबई नॉर्थ से भाजपा नेता पीयूष गोयल और मुंबई उत्‍तर-मध्‍य सीट से भाजपा के उज्‍ज्‍वल निकम बढ़त बनाए हुए हैं। मुंबई उत्‍तर-पूर्व से शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के संजय पाटिल और मुंबई उत्‍तर-पश्चिम से अमोल गजानन कृतिकर आगे चल रहे हैं।

 

कर्नाटक में लोकसभा की 28 में से 17 सीटों के रुझान मिल गए हैं। इनमें से 12 पर भाजपा, दो पर जनता दल सेक्‍युलर और तीन पर कांग्रेस आगे है।

 

बता दें कि लोकसभा की 543 में से 542 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। एक सीट भाजपा निर्विरोध जीत गई थी। 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.