लम्बे बाल कटवाने से पहले अब याद आ जाते है कैंसर मरीज घोड़ाडोंगरी के ठेकेदार ने ज्योतिका में किया 12 इंच हेयर डोनेशन
बैतूल। जिले में दो वर्ष पहले कीमो थेरेपी के प्रभाव से अपने बाल खो देने वाले कैंसर मरीजों की हौसलाअफजाई के लिए हेयर फॉर होप इंडिया मुहिम प्रारंभ की गई। इस मुहिम के तहत जिले में करीब 175 महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे 12 इंच केशदान कर चुके है। अग्रसेन ग्रुप एवं आरडीपीएस स्कूल द्वारा हेयर डोनेशन कार्यक्रमों का आयोजन पूर्व में बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के संयोजन में कर कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति जागरुक करने का प्रयास किया गया। इसी का परिणाम है कि अब जब कोई अपने लंबे बाल कटवाता है तो उन्हें कैंसर मरीजों की याद आ जाती है और जो बाल काटकर फेंक दिए जाते थे वह अब कैंसर मरीजों के लिए दान कर दिए जाते है। शुक्रवार शाम को घोड़ाडोंगरी निवासी एक ठेकेदार ने ज्योतिका यूनिसेक्स पार्लर पहुंचकर अपने 12 इंच हेयर डोनेट किए और बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा इन्हें कैंसर मरीजों के लिए सुरक्षित पहुंचाने का आश्वासन दिया।
ढाई साल से नहीं काटे थे बाल
घोड़ाडोंगरी निवासी सौरभ पारधी ने बताया कि उन्होंने पिछले ढाई से बाल नहीं कटवाएं थे। उन्हें बड़े बालों का शौक है, कुछ दिनों से वे अपने बाल कटवाने का मन बना रहे थे, इसी बीच उन्हें ज्योतिका यूनिसेक्स पार्लर में सारणी के एक शिक्षक द्वारा हेयर डोनेशन करने की जानकारी मिली थी। उन्होंने अपने बाल नापे जो 13 इंच निकले। इसके बाद उन्होंने ज्योतिका यूनिसेक्स पार्लर के संचालक दिलीप सराठे से सम्पर्क कर हेयर डोनेट करने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद दिलीप सराठे ने बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति की अध्यक्ष गौरी पदम को जानकारी दी और श्रीमती पदम, संस्था सचिव भारत पदम, तुलसी कैमेस्ट्री के संचालक तुलसी मालवी सहित छात्रा सपना बेले, श्रद्धा गोचरे, श्रुति खातरकर, इशिता बोरखड़े, नंदनी लिल्होरे, कृतिका साहू, परिधि ठाकरे, श्रद्धा पंवार, आकांक्षा पंवार, चेतना लाडे, सिमरन भोरसे, प्रज्ञा मसतकर, मोनिका पंडोले, मनीषा कुमरे एवं शिवानी वामकर की मौजदूगी में हेयर डोनेशन किया गया।
हेयर डोनेशन कैंसर जागरुकता का बना माध्यम
कुछ साल पहले तक बैतूलवासी जानते भी नहीं थे कि हेयर डोनेशन भी किया जाता है। बैतूल में कैंसर मरीजों के लिए हेयर डोनेशन कार्यक्रमों के बाद अब महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी डोनेशन करने में नहीं हिचकिचाते। जिले में 6 वर्ष से लेकर 77 वर्ष के बुजुर्ग ने भी कैंसर मरीजों के लिए अपने हेयर डोनेट किए है। गौरतलब है कि ज्योतिका यूनिसेक्स के संचालक दिलीप सराठे द्वारा हेयर डोनेर्स के हेयर निशुल्क काटे जाते है। समिति अध्यक्ष श्रीमती पदम ने बताया कि अब जन्मदिन, सालगिरह के अवसर पर भी हेयर डोनेशन किया जा रहा है। श्रीमती पदम का कहना है कि जिस तरह ब्लड डोनेशन से लोगों की जान बचाई जाती है, हेयर डोनेशन से कैंसर मरीजों का आत्मविश्वास लौटाया जाता है।