मन की बात में प्रधानमंत्री ने कहा

मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा- सौर ऊर्जा देश के गरीब और मध्‍यम वर्ग के जीवन में बदलाव ला रही है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत सौर ऊर्जा से बिजली पैदा करने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल हो गया है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा देश के गरीब और मध्‍यम वर्ग के जीवन में बदलावा ला रही है। श्री मोदी ने कहा कि समूचा विश्‍व सौर ऊर्जा को भविष्‍य के रूप में देख रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र में अपने पारंपरिक अनुभवों को आधुनिक विज्ञान के साथ जोड़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, अंतरिक्ष क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और पूरी दुनिया देश की उपलब्धियां देखकर हैरान है। श्री मोदी ने एक साथ छत्‍तीस वन-वेब सेटेलाइट अंतरिक्ष में स्‍थापित करने को एक बडा कदम बताते हुए कहा कि इससे पूरे देश में डिजिटल सम्‍पर्क मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्रक्षेपण से भारत अंतरिक्ष के वैश्विक वाणिज्यिक बाजार में एक मजबूत देश बन कर उभरा है।

श्री मोदी ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि युवा शक्ति भारत को शताबदी वर्ष पूरा होने पर नई ऊंचाईयों पर ले जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने स्‍टूडेंट पॉवर का भी उल्‍लेख करते हुए कहा कि उन्‍होंने लाल किले से जय अनुसंधान का आह्वान किया था और इस दशक को भारत का टेकेड बनाने की भी बात की थी।

प्रधानमंत्री ने आई आई टी भुवनेश्‍वर की एक टीम का उदाहरण दिया जिसने नवजात शिशुओं के लिए पोर्टेबल वेंटिलेर विकसित किया है। यह वेंटिलेर बैटरी से चलता है और इसका उपयोग दूर-दराज के क्षेत्रों में आसानी से किया जा सकता है। श्री मोदी ने बताया कि कई आईआईटी संस्‍थान मिलकर एक बहुभाषक प्रोजेक्‍ट पर भी काम कर रहे हैं।

श्री मोदी ने पर्यावरण के बारे में कहा कि देश में ऐसे लोगों की कमी नहीं है जो पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना जीवन खपा देते हैं। उन्‍होंने कर्नाटक में बेंगलुरू के रहने वाले सुरेश कुमार का उदाहरण दिया। श्री कुमार द्वारा बीस साल पहले लगाए गए पौधे आज चालीस-चालीस फीट ऊंचे विशालकाय पेड बन चुके हैं। सुरेश कुमार ने कन्‍न्‍ड भाषा और संस्‍कृति को बढावा देने के लिए सहकार नगर में एक बस शेल्‍टर भी बनवाया है। श्री मोदी ने कहा कि यदि इकोलॉजी और कल्‍चर दोनों साथ-साथ आगे बढे तो यह एक बडी बात होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन लाइफ भी कुछ दिन पहले शुरू किया गया था। यह पर्यावरण संरक्षण के लिए एक समर्पित कार्यक्रम है। मिशन लाइफ का सीधा सिद्धांत है कि ऐसी जीवन शैली को बढावा दिया जाए जो पर्यावरण को नुकसान न पहुचाएं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के कई भागों में छठ का पर्व मनाया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि यह पर्व एक भारत श्रेष्‍ठ भारत का भी उदाहरण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार वल्‍लभ भाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर कल एकता दिवस मनाया जाएगा।

श्री मोदी ने कहा कि भारत 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा। उन्‍होंने कहा कि जनजातीय दिवस पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जन्‍मजयंती के दिन आदिवासी विरासत और गौरव को मनाने के लिए शुरू किया गया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आठ नवम्बर को गुरू पर्व मनाया जायेगा।