भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी : जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। श्री नड्डा ने नई दिल्ली में प्रथम मदनलाल खुराना स्मारक का व्याख्यान देते हुए कहा कि भाजपा की बुनियाद ऐसे ही दिग्गज व्यक्तियों ने रखी थी जो हमेशा पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़े रहे। भाजपा प्रमुख ने कहा कि फिलहाल 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है। लोकसभा में तीन सौ बीस सांसद तथा राज्यसभा में 92 सदस्य हैं।
श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के जीवन से प्रेरणा लेना, उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जेपी नड्डा ने कहा कि वे कभी भी सत्ता के पीछे नहीं भागे और हमेशा मुद्दों से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि हम श्री खुराना के जीवन से बहुत कुछ सीख और जान सकते हैं। वह बहुत सारे राजनीतिक संघर्षों में शामिल हुए और विभिन्न मुद्दों का समाधान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि श्री खुराना ने दिल्ली को राजनीतिक पहचान दी।







