फटी जींस और सीरियल की ड्रेस लोगों का पहनावा बन रही, कभी सोचा किस तरफ जा रहे हैं इंसान : योग शक्ति आस्था दीदी

 

 

शाहपुर। शाहपुर में ब्रह्माकुमारी द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत गीता ज्ञान प्रवचन के छठवें दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए योग शक्ति आस्था दीदी ने जीवन में बढ़ती नैतिक और सामाजिक समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि थोड़ा-सा नाच-गाकर मनोरंजन तो किया जा सकता है, लेकिन जीवन की समस्याएं यदि भीतर हैं तो उनका उपचार भी भीतर से ही करना होगा। समस्याओं का समाधान बाहरी दिखावे से नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मज्ञान से संभव है।

https://www.youtube.com/live/JAuP2zMBJtI?si=e8utJrA1Xs04_5k


आस्था दीदी ने कहा कि आज संसार महाभारत का क्षेत्र बनता जा रहा है। हर जगह मेरे और तेरे की लड़ाई दिखाई दे रही है। श्रीमद्भगवद्गीता हमें आत्मज्ञान देती है, लेकिन लोगों ने कथाओं को तो पकड़ लिया और उनके मूल अर्थ को भुला दिया। संसार में दिल लगाने के बाद जब दिल टूटता है तो बेहतर है कि अपना दिल परमात्मा से लगाया जाए, जहां धोखे की कोई संभावना नहीं है।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता हमें अपने कर्म सुधारने की शिक्षा देती है। महाभारत से हमें सीखना चाहिए कि किसी का उपहास नहीं करना चाहिए। हमारे शब्दों में भाव भी होते हैं और मरहम लगाने की शक्ति भी। शब्दों का दिया घाव आसानी से नहीं भरता। जीभ में हड्डी नहीं होती, लेकिन वह किसी की हड्डी तुड़वाने का सामर्थ्य रखती है। इसलिए हमेशा सोच-समझकर बोलना चाहिए। हमारे गलत कर्मों से ही जीवन में महाभारत खड़ी हो सकती है।

माया में सुख नहीं, आत्मचिंतन में है जीवन की सच्ची शांति

दीदी ने कहा कि हमने भ्रम को ही मूल मान लिया है और माया-मोह में सुख तलाश रहे हैं। इंसान उस पक्षी की तरह है जो डाल को पकड़कर बैठा है और कहता है कि उड़ नहीं पा रहा। घर, जमीन और संसार कहीं नहीं जाने वाले, लेकिन इंसान इन्हें छोड़ना नहीं चाहता। जीवन इसी मोह में बीत जाता है। अभी भी समय है, संभल जाइए। प्रतिदिन परमात्मा का ध्यान करें और प्रार्थना की ज्योति जलाएं। सभी रास्ते भगवान तक पहुंचने के हैं, जो रास्ता सरल और सहज लगे, उसे अपनाएं। कर्मों को ठीक रखना है तो विचारों को ठीक रखना होगा।

उन्होंने कहा कि जब अर्जुन के सामने परिस्थितियां आती थीं तो वह श्रीकृष्ण के पास जाते थे, जबकि दुर्योधन शकुनि की तरफ जाता था। आज हम अपना जीवन मोबाइल में समाप्त कर रहे हैं। अंतिम समय में प्रभु को याद करने के बजाय अभी से जागने की जरूरत है। दूसरों को समझना आसान है, लेकिन जब परिस्थितियां स्वयं पर आती हैं तो इंसान का व्यवहार बदल जाता है। यह संसार एक रंगमंच है और जीवन एक लंबी फिल्म की तरह है।

माता, कन्या और प्रकृति के सम्मान से ही संस्कारों की रक्षा

आस्था दीदी ने कहा कि कलयुग के लक्षण हमारे सामने दिखाई देने लगे हैं। जब गौ माता, कन्या और ब्राह्मण का तिरस्कार होने लगे तो समझना चाहिए कि समाज में नैतिक पतन बढ़ रहा है। एक ओर हम नदियों को मां कहते हैं, वहीं दूसरी ओर गंगा, नर्मदा और माचना जैसी नदियों को प्रदूषित कर रहे हैं। कन्या पूजन करते हैं, लेकिन दूसरी ओर कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराइयां भी समाज में मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। आज बेटियां माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा बन रही हैं। माता सीता, सती अनुसूया और माता गार्गी जैसी महान नारियों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। सृष्टि को आगे बढ़ाने में नारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और बच्चों को संस्कार देने का सबसे बड़ा दायित्व भी परिवार का है।

बच्चों को अच्छे संस्कार देना माता-पिता की जिम्मेदारी

दीदी ने कहा कि बच्चों के जीवन पर मां का सबसे अधिक प्रभाव पड़ता है। आज के बच्चों की सबसे बड़ी शिकायत अपने माता-पिता से है। माता-पिता की संपत्ति का उपयोग तो बच्चे कर रहे हैं, लेकिन उनके साथ समय बिताने और उनकी सेवा करने के लिए समय नहीं निकालते। यदि बचपन से सही संस्कार दिए जाएं तो ऐसी परिस्थितियां पैदा नहीं होंगी।

उन्होंने कहा कि आज पांच-दस साल के बच्चे भी मोबाइल के माध्यम से बहुत कुछ जान रहे हैं, लेकिन सही संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा मिलना भी उतना ही जरूरी है। अपना रोल मॉडल हीरो-हीरोइन को नहीं, बल्कि ईश्वर को बनाइए। फटी जींस और सीरियल की ड्रेस लोगों का पहनावा बनती जा रही है। कभी सोचा है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं? इंसान को अपने आचरण और विचारों पर ध्यान देना चाहिए।

माता-पिता का सम्मान और सेवा ही सच्चे संस्कार

आस्था दीदी ने कलयुग के लक्षणों का उदाहरण देते हुए कहा कि एक कुआं चार कुओं को पानी दे सकता है, लेकिन चार कुएं मिलकर भी एक कुएं को पानी नहीं दे पाते। कुछ ऐसी ही स्थिति आज माता-पिता की हो गई है। चार बच्चे होने के बाद भी कई माता-पिता की सेवा करने वाला कोई नहीं होता।

उन्होंने कहा कि बच्चों को अत्यधिक लाड़-प्यार देकर उनकी जिम्मेदारी और संस्कारों से दूर नहीं करना चाहिए। बच्चों को अच्छे कर्म करना, बड़ों का सम्मान करना, उनका आशीर्वाद लेना और दूसरों को दुआएं देना सिखाएं। आज बच्चों के पास सोशल मीडिया के लिए बहुत समय है, लेकिन अपने माता-पिता के पास बैठकर उनसे बात करने के लिए समय नहीं है। जीवन में सच्ची सफलता अच्छे संस्कार, अच्छे कर्म और माता-पिता के सम्मान में ही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.