सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर भव्य आयोजन, प्रतिमा का अनावरण

*शाहपुर: सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर भव्य आयोजन, प्रतिमा का अनावरण, प्रतिभावान बच्चों का सम्मान*

*शाहपुर, बैतूल।* लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को शाहपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। चौरिया कुड़मी महासभा के तत्वावधान में स्टाफ क्वार्टर रोड, एसबीआई के पीछे, पलासपानी रोड पर सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया गया।

*नगर परिषद से निकली भव्य रैली*
कार्यक्रम की शुरुआत नगर परिषद शाहपुर प्रांगण से हुई। यहां कुर्मी समाज के सभी सामाजिक बंधु एवं जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए। यहां से रथ पर सवार होकर भव्य शोभा रैली निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मूर्ति स्थापना स्थल पहुंची।

*जनप्रतिनिधियों ने किया अनावरण*
मूर्ति का अनावरण मुख्य अतिथि डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग भोपाल (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त), राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके के करकमलों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अनावरण के दौरान “सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

*पटेल के जीवन पर विस्तार से प्रकाश*
तत्पश्चात बाबा मनसुखदास प्रांगण, शाहपुर में मंचीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ‘एकता में अनेकता’ के प्रतीक और भारतीय संस्कृति की विशेषता के जनक माने जाते हैं। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

*प्रतिभावान बच्चों का सम्मान*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के करकमलों द्वारा सतपुड़ा कुड़मी जागृति संघ की ओर से कुर्मी समाज के प्रतिभावान बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं डॉक्यूमेंट फाइल देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।

*ये रहे उपस्थित*
इस अवसर पर मध्य प्रदेश युवा कुर्मी क्षत्रिय समाज प्रदेश अध्यक्ष तेज कुमार गौर,नगर परिषद शाहपुर उपाध्यक्ष श्रीमति पम्मी छोटू राठौडर, नगर परिषद अध्यक्ष पंकज चौरे, रामकिशोर चौरे, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वर्मा (ठेकेदार), सीताराम पटेल,

रामअवतार वर्मा, नीरज चौरे, कन्हैया वर्मा, अशोक पटेल मायावनी,श्रीमति ममता/ उत्तम वर्मा, श्रीमती सरला डालचंद वर्मा, सतपुडा कुर्मी संघ अध्यक्ष श्री हरिराम वर्मा, सचिव मनोहर भमोड़िया, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार चौरे, महामंत्री धर्मेंद्र वर्मा एवं सभी पार्षद व जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी,गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.