मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड घोड़ाडोंगरी, जिला बैतूल में उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री दीपक उइके जी, विशेष अतिथि श्री नरेंद्र उइके जी, पाठ्यक्रम प्रभारी प्रोफेसर श्री हेमंत निरापुरे जी एवं जिला समन्वयक श्री संतोष सिंह राजपूत उपस्थित रहे। साथ ही पाठ्यक्रम के परामर्शदाता श्री विजय मेहतो जी, श्री अनिल शर्मा जी, श्रीमती संगीता उघड़े मैडम एवं श्रीमती यशोमती भोरवंशी मैडम तथा 50 MSW एवं 40 BSW के कुल 90 सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री संतोष सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के उद्देश्य, पाठ्यक्रम की उपयोगिता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका के संबंध में संक्षिप्त जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए तैयार करता है।
मुख्य अतिथि श्री दीपक उइके जी ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
विशेष अतिथि श्री नरेंद्र उइके जी ने ग्राम विकास में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांव के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीणों की सहभागिता, जागरूकता और स्थानीय नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है। सामाजिक कार्यकर्ता गांव की समस्याओं को समझकर लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रोफेसर श्री हेमंत निरापुरे जी ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा एवं अध्ययन सामग्री से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों द्वारा पाठ्यक्रम की पाठ्य-पुस्तक एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया।
कार्यक्रम में 50 MSW एवं 40 BSW के कुल 90 सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें ग्राम विकास, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति एवं जनकल्याण के कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।