राष्ट्र रक्षा मिशन 2026 में नजर आएगा संस्कृति, देशभक्ति और धर्मास्था का संगम
भारत-चीन बार्डर पर रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर पहुंचेंगे मध्यप्रदेश-राजस्थान के 27 सदस्य
कारगिल विजय के बाद से देश की अंतराष्ट्रीय सीमाओं पर तैनात सैनिकों के साथ रक्षा बंधन का पर्व मनाने के लिए संकल्पित बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति हमेशा की तरह सरहद पर
जाने के लिए तैयार है। 25 अगस्त को राष्ट्र रक्षा मिशन का 24 सदस्यीय दल बैतूल एवं 3 सदस्यीय दल राजस्थान से भारत चीन सीमा के लिए रवाना हो रहा है। इस वर्ष भारत चीन सीमा चौकी माना, आईटीबी मुख्यालय जोशीमठ और गोचर के सैनिकों के साथ रक्षा बंधन का पर्व 28 एवं 29 अगस्त को मनाकर बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति का 27वां पड़ाव पूरा होगा। इस बार बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति का राष्ट्र रक्षा मिशन संस्कृति, देशभक्ति के साथ-साथ धर्मास्था से भी सराबोर होगा। वैसे तो हर बार राष्ट्र रक्षा मिशन के दौरान किसी न किसी धार्मिक स्थल का भ्रमण समिति के दल को सेना द्वारा कराया जाता है, लेकिन यह अवसर खास होगा। समिति की अध्यक्ष गौरी पदम ने बताया कि राष्ट्र रक्षा मिशन 2026 का 27 सदस्यीय दल जहां एक ओर समिति देश की
रक्षा करने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता जाहिर करेगा वहीं दूसरी ओर इस यात्रा के दौरान मां गंगा, पंच प्रयाग, बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम में भी भोलेनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। भगवान बद्रीनाथ एवं केदारनाथ के मंदिरों में व्यवस्था संभालने वाले जवानों को भी रक्षा सूत्र बांधे जाएंगे। मूलत: समिति का दल माना बार्डर चौकी पर रक्षा बंधन का पर्व मनाएंगा। इसके अलावा जोशीमठ, गोचर मुख्यालय पर दो दिन यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
राजस्थान से भी शामिल होगा तीन सदस्यीय दल
अब तक राष्ट्र रक्षा मिशन के दल में आंध्रप्रदेश का दल शामिल होता रहा है, लेकिन यह पहला मौका होगा कि बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति से जुड़े जोधपुर राजस्थान के सदस्य कपिल कच्छवाहा, आशा कच्छवाहा, आरव कच्छवाहा भी इस मिशन में शामिल होंगे। राजस्थान के दल की यह लगातार दूसरी सरहद यात्रा होगी। समिति की कोषाध्यक्ष श्रीमती जमना पंडाग्रे ने बताया कि बैतूल से अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सहित वरिष्ठ सदस्य वंश पदम, अरुण सूर्यवंशी, नीलेश उपासे, प्रचिति कमाविसदार, छाया प्रजापति, उषा अतुलकर, सरिता अतुलकर, उषा देशमुख, लता नागले, प्रिया सुनारिया, प्रदीप निर्मले, नीलम गंगारे, सोनम गंगारे, डॉली नारे, रीना अतुलकर, पंडरीनाथ पंडागे्र, कमलती चौहान,
पलक चौहान, पूर्वी चौहान, वंदना देशमुख सहित अन्य राष्ट्र रक्षा मिशन में सहभागी बनेगे। बैतूल से 24 सदस्यीय दल 25 अगस्त को रात एक बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से देवबंद के लिए रवाना होगा एवं आगे की यात्रा बस से की जाएगी। राष्ट्र रक्षा मिशन दल 28 एवं 29 अगस्त को जवानों के साथ रक्षा बंधन का पर्व मनाने के बाद 30 अगस्त को केदारनाथ भगवान के दर्शन कर 3 सितम्बर की रात को बैतूल वापसी करेगा।