*हर-घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने लिखे निबंध, उकेरे चित्र, आज शोभापुर और सारनी में निकलेगी तिरंगा रैली*
_हर-घर तिरंगा अभियान थीम पर बनाए चित्र, 17 अगस्त तक चलेगा अभियान, वंदेमातम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजन 17 अगस्त को शहीद स्मारक सारनी में होगा समापन।_
सारनी। हर-घर तिरंगा अभियान के तहत नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। अभियान के तहत सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर एवं बगडोना के विभिन्न स्कूलों में चित्रकला एवं निबंध स्पर्धा हुई। अभियान के तहत गुरूवार 13 अगस्त को शोभापुर एवं सारनी में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा।
हर-घर तिरंगा अभियान के तहत नगर पालिका क्षेत्र में रोजाना कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी हितेश शाक्य ने बताया कि नगरीय क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में बच्चों की चित्रकला, निबंध एवं भाषण स्पर्धा हुई। मंगलवार एवं बुधवार दो दिनों तक सारनी, पाथाखेड़ा, शोभापुर कॉलोनी एवं बगडोना क्षेत्र के स्कूलों में कार्यक्रमों के आयोजन हुए। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को समापन पर पुरस्कृत किया जाएगा। स्कूलों में हुए कार्यक्रमों का संचालन रंजीत डोंगरे, निराकार सागर, कामदेव सोनी एवं आईसीई सदस्यों ने किया।
*आज देशभक्ति तरानों के साथ निकलेगी तिरंगा यात्रा*
नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा देशभक्ति तरानों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। शोभापुर कॉलोनी के पी.एम.श्री हायर सेकंडरी स्कूल से यात्रा सुबह 10.30 बजे यात्रा प्रारंभहोकर गायत्री मंदिर, अंबेडकर चौक, एसबीआई, सुपर मार्केट होते हुए वापस स्कूल पहुंचेगी। इसी तरह दोपहर 1 बजे सारनी के जय स्तंभ चौक से यात्रा प्रारंभ होकर केंद्रीय विद्यालय, अंबेडकर प्रतिमा शॉपिंग सेंटर से होती हुई शहीद स्मारक बस स्टैंड के सामने पहुंचेगी। दोनों ही स्थानों पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गायन होगा।