भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय सारनी में राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री प्रदीप पन्द्राम ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में दैनिक जीवन में रसायनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक पदार्थों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉक्टर अंजना संजय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और विद्यार्थियों को संबोधित किया ।सुश्री प्रियंका दावंडे ने भारतीय रसायन विज्ञान के जनक आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान एवं उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्राणिशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. राजेश हनोते ने औषधि निर्माण उद्योग में रसायनों की भूमिका तथा इस क्षेत्र में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में अलवीरा (बी.एससी. प्रथम वर्ष) प्रथम, अलिशा ध्रुवे द्वितीय तथा प्रज्ञा चतुर्वेदी तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में पलक मालवी ने प्रथम, पूजा निरापुरे ने द्वितीय तथा करुणा करते ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी गढ़ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। अंत में विजेता प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।