*साप्ताहिक बाजार में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश, 150 से अधिक लोगों ने ली नशा न करने की शपथ*
शोभापुर, 22 जुलाई 2026। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा सारणी के साप्ताहिक बाजार में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देकर नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों को जीवंत अभिनय के माध्यम से दर्शाया। नाटक के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल जीवन का निर्माण किया जा सकता है। पुलिस विभाग द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत एसडीओपी सारणी श्रीमती प्रियंका करचाम ने आमजन के लिए अपना जागरूकता संदेश प्रेषित करते हुए कहा कि
“नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करे। जनसहभागिता से ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।” वहीं थाना प्रभारी सारणी श्री जयपाल इनवाती के विशेष आग्रह पर इस जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में लगभग 150 से अधिक लोगों ने नशा न करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे से दूर रखने की शपथ ली। उपस्थित नागरिकों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक (एस.आई.) श्री मनोज उइके, चौकी पाथाखेड़ा सहित पुलिस टीम उपस्थित रही। उन्होंने भी आमजन से नशे के दुष्प्रभावों से बचने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम भारती महिला मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। यह जनजागरूकता कार्यक्रम “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।