*अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस पर ग्राम भारती महिला मंडल ने चलाया जनजागरूकता अभियान*

 

 

 

जिला बैतूल (सारनी) ।अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा ग्राम पंचायत छतरपुर अंतर्गत ग्राम डुमकाढाना, ग्राम पांढरा एवं ग्राम हर्राढाना ग्राम जाजबोड़ी एवं संस्था कार्यालय ग्राम भारती महिला मंडल में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर ग्रामीणों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई एवं हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशामुक्त युवा, सशक्त भारत” तथा “स्वस्थ समाज की यही पुकार, नशामुक्त हो हर परिवार” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन एवं नारों के माध्यम से जन-जन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामवासियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं एवं ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

 

अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया गया। उक्त कार्यक्रम में कुछ ग्रामीण महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त किए जिसमें संस्था द्वारा उत्साहवर्धन हेतु पारितोषक दिए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.