**वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र में पर्यावरण सप्ताह समापन समारोह अंतर्गत पुरस्कार वितरण आयोजित**

 

दिनांक 06 जून 2026 को वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र द्वारा पर्यावरण सप्ताह समापन समारोह के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में *आदरणीय क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री जे.के. गुप्ता* उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राओं सहित कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व क्षेत्रीय महाप्रबंधक महोदय ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। इसके पश्चात *वंदे मातरम्* एवं *कोल इंडिया कॉर्पोरेट सॉन्ग* के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

पर्यावरण विभाग की ओर से सुश्री साक्षी द्वारा पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि सप्ताह भर के कार्यक्रमों में क्षेत्रीय महाप्रबंधक द्वारा ध्वजारोहण, *“एक संदेश पर्यावरण के नाम”* प्रतियोगिता, पर्यावरण जागरूकता रैली, कपड़े के थैलों का वितरण, वृक्षारोपण कार्यक्रम, विद्यार्थियों हेतु चित्रलेखन एवं निबंध प्रतियोगिताएं, कर्मचारियों हेतु निबंध प्रतियोगिता तथा कर्मचारियों के लिए जलवायु परिवर्तन विषय पर डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक महोदय ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों में पर्यावरणीय जागरूकता एवं संस्कार विकसित करने में शिक्षकों एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित चित्रलेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं निर्णायक मंडल में शामिल शिक्षक श्री एम एस कुरैशी, श्रीमती शमीम कुरैशी, श्रीमती आनंदी बड़ोदे, श्रीमती चांदनी सोनी, बारस्कर मैडम एवं पत्रकार श्री कैलाश पाटिल को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उत्साहवर्धन हेतु सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक श्री कुणाल बघेल द्वारा आभार व्यक्त किया गया तथा सफल आयोजन हेतु पर्यावरण विभाग की टीम को बधाई दी गई। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन वेकोलि पाथाखेड़ा क्षेत्र के क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी श्री मोहनीश सतरावाला एवं उप प्रबंधक सुश्री साक्षी जांगड़ा पर्यावरण विभाग द्वारा किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.