विश्व पर्यावरण दिवस पर परम डिस्ट्रीब्यूटर रेत कंपनी की अनूठी पहल, 2000 पौधों का किया वृक्षारोपण

 

 

खनिज अधिकारी, जनपद CEO, जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने लिया भाग, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

 

शाहपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परम डिस्ट्रीब्यूटर रेत कंपनी द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कंपनी की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर लगभग 2000 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कंपनी प्रबंधन, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में खनिज अधिकारी भागवत नागवंशी, जनपद पंचायत शाहपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री फिरदौस शाह, जनपद सदस्य भूरेलाल चौहान, परम डिस्ट्रीब्यूटर के जनरल मैनेजर सतीश सिंह जादौन, प्रमोद सिंह, मन्नू सिकरवार, चंद्रप्रकाश मिश्रा, अंकुर भदोरिया, दिलीप, कुलदीप चौहान तथा धपाड़ा विद्यालय के कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं।

कंपनी प्रबंधन ने बताया कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत यह विशेष अभियान संचालित किया गया है। अभियान के अंतर्गत टांगनामाल, मोतीढाना, पठई रोड, गुवाड़ी, छिमड़ी एवं धपाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण किया गया। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था भी कंपनी द्वारा की जाएगी।

 

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। क्षेत्रवासियों ने परम डिस्ट्रीब्यूटर रेत कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.