भोपाल | बैतूल। अधिक मास के पावन अवसर पर बाबाजी की तपस्थली माधव गौशाला, रानीपुर आश्रम में 17 मई से 17 जून 2026 तक आयोजित श्री रामचरितमानस महायज्ञ एवं अखंड श्री सीताराम नाम संकीर्तन की ख्याति अब दूर-दूर तक पहुंच रही है। इसी क्रम में बैतूल के प्रतिष्ठित समाचार चैनल ताप्ती दर्शन की टीम रानीपुर आश्रम पहुंची।
ताप्ती दर्शन की टीम ने आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा यहां चल रही धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम द्वारा महायज्ञ, अखंड श्री सीताराम नाम संकीर्तन, यज्ञशाला, गौशाला एवं आश्रम के भक्तिमय वातावरण पर विशेष डॉक्यूमेंट्री शूट की गई।
पूरे आश्रम परिसर में “सीताराम-सीताराम” के अखंड जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार एवं भक्ति वातावरण को देखकर टीम ने आयोजन की सराहना की। प्रतिदिन दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं, यज्ञ में बैठ रहे यजमानों एवं विशाल भंडारा प्रसादी की व्यवस्थाओं को भी कैमरे में कैद किया गया।
परम पूज्य संत श्री श्री 1008 निक्कू दास जी महाराज जी की असीम कृपा से चल रहे इस दिव्य आयोजन में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से रानीपुर आश्रम पहुंचकर इस आध्यात्मिक महाआयोजन का लाभ उठाने का आह्वान किया है।