सारनी। नगर की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना के साथ संकट मोचन हनुमान मंदिर, सीएचपी-4 में 22 मार्च से 11 दिवसीय अखण्ड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन राम नवमी एवं हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।
मंदिर के पुजारी श्री आनंदी एवं श्री जगदीश गौर ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत तीन वर्षों से निरंतर इस अखण्ड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष भी समस्त भक्तजनों के सहयोग से आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में सारनी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों एवं जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं और हनुमान जी की भक्ति में लीन होकर नगर की उन्नति एवं खुशहाली की कामना करते हैं।
यह 11 दिवसीय अखण्ड हनुमान चालीसा पाठ का समापन 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों, प्लांट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहता है। आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।







