*जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शक्ति सदन एवं परिवार परामर्श केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण, कार्यों की सराहना
जिला बैतूल (सारनी)। दिनांक 12 मार्च 2026 को संस्था ग्राम भारती महिला मंडल शोभापुर कॉलोनी पाथाखेड़ा में महिला एवं बाल विकास विभाग, बैतूल द्वारा संचालित शक्ति सदन (स्वाधार गृह) एवं परिवार परामर्श केंद्र का जिला कार्यक्रम अधिकारी गौतम अधिकारी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौतम अधिकारी ने सबसे पहले परिवार परामर्श केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा वहां संधारित किए जा रहे रिकॉर्ड का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने काउंसलरों द्वारा पारिवारिक विवादों के निराकरण एवं आपसी
समझौते के माध्यम से परिवारों को पुनः एकजुट करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्र समाज में बढ़ते पारिवारिक विवादों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और यहां किया जा रहा कार्य सराहनीय एवं प्रेरणादायक है। इसके पश्चात श्री गौतम अधिकारी ने शक्ति सदन (स्वाधार गृह) का निरीक्षण करते हुए वहां रखे गए सभी आवश्यक अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्तमान में शक्ति सदन में निवासरत 23 महिलाओं एवं 7 बच्चों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।इस दौरान उन्होंने शक्ति सदन परिसर का भ्रमण कर वहां की स्वच्छता, रहन-सहन की व्यवस्थाओं, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया और परिसर की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के पुनर्वास, संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। श्री गौतम अधिकारी ने संस्था की पूरी टीम को भविष्य में भी
इसी प्रकार समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संस्था के समन्वय से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। संस्था ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण, संरक्षण एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की। संस्था की ओर से भी जिला कार्यक्रम अधिकारी जी का आभार व्यक्त किया गया।
Comments are closed.