*ठेका मजदूरों के अनिश्चितकालीन आंदोलन का 13वां दिन*

 

जिला बैतूल सारनी/ कल देर रात व आज गुरुवार दोपहर को बकाया वेतन को लेकर अड़े ठेकेदारों के रवैये से वार्ता विफल,सारनी वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत ठेका मजदूरों का अनिश्चितकालीन आंदोलन गुरुवार को 13वें दिन भी जारी रहा। मजदूरों की एकजुटता और अपने अधिकारों के लिए जारी यह आंदोलन अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है, लेकिन ठेकेदारों के अड़ियल रवैये के कारण अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।

जानकारी के अनुसार देर रात ठेकेदार संगठन के कुछ समाजसेवी प्रतिनिधियों और मजदूरों के प्रतिनिधि दल के बीच आंदोलन समाप्त कराने तथा बीच का रास्ता निकालने को लेकर चर्चा हुई। प्रबंधन की ओर से भी ठेकेदारों को मजदूरों से समझौता करने की सलाह दी गई, किंतु देर रात तक चली बातचीत बेनतीजा रही।

गुरुवार दोपहर जीएम कार्यालय में ठेकेदारों और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच एक और बैठक आयोजित की गई, मगर यहां भी सहमति नहीं बन सकी। मजदूरों का नेतृत्व कर रहे प्रदीप नागले ने स्पष्ट कहा कि पहले मजदूरों का पूरा बकाया वेतन दिया जाए, तभी आगे की चर्चा संभव है। ठेकेदारों द्वारा केवल 100 रुपये मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मजदूरों ने अपर्याप्त बताते हुए अस्वीकार कर दिया।

बैठक विफल होने के बाद मजदूर पुनः आंदोलन स्थल पर एकत्रित हो गए। इस दौरान कुछ ठेकेदारों पर मजदूरों से अभद्र व्यवहार और शर्तें थोपने के आरोप भी लगे। मजदूरों ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है।