नगर की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया

प्रमोद सूर्यवंशी

नागरिक दायित्व बोध एवं सामाजिक सरोकार के अंतर्गत नगर की विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा आमला थाना के संवेदनशील थाना प्रभारी श्री मुकेश ठाकुर से भेंट कर नगर की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर में बढ़ती चीनी मांझे से पतंग उड़ाने की जानलेवा समस्या को प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि नगर में अनेक दुकानदारों द्वारा खुलेआम प्रतिबंधित चीनी मांझे की पतंगों की बिक्री की जा रही है। परिणामस्वरूप नगर के छोटे-छोटे बच्चे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य मार्गों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पतंग उड़ाते देखे जा रहे हैं।
चीनी मांझा अत्यंत खतरनाक होता है, जिससे आए दिन लोगों के हाथ-पैर कटने की घटनाएं हो रही हैं। यह मांझा दोपहिया व चारपहिया वाहनों में फंसकर किसी भी समय वाहन चालकों व राहगीरों के लिए जानलेवा सिद्ध हो सकता है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आशंका व्यक्त की कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।

इस गंभीर विषय पर थाना प्रभारी श्री मुकेश ठाकुर ने पूर्ण संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता एवं पीएलवी श्री घनीराम गढ़ेकर, सामाजिक कार्यकर्ता नितेश सोनी, गोपेंद्र सिंह बघेल, नितिन ठाकुर, धन्ना सोनी,हिमांशु हारोडे सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।