मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सारणी आगमन तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने की समीक्षा बैठक
—–
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 28 मई को सारणी आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। बुधवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार हेलीपैड और टेंट निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, एमपीईबी को कार्यक्रम स्थल पर विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी लगाने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया है। वहीं, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को वाहनों की उपयुक्त व्यवस्था करने को कहा गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जबकि नगरपालिका को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, नगरपालिका सारणी को पार्किंग की समुचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं।
निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सारणी मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए हैं। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे







