सब बच्चे बने मेधावी : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, बाँसपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम

स्कूल चले हम अभियान के तहत माध्यमिक स्कूल बासपुर और शासकीय हाई स्कूल बासपुर में आज सोमवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम सरपंच रामबकेश वरकड़े की अध्यक्षता में आयोजित हुआ ।

जिसमें माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं पालकों को दिखाया गया।

इस अवसर पर बच्चों को माननीय मुख्यमंत्री जी ने संदेश दिया कि सभी बच्चों को अच्छी पढ़ाई कर मेधावी विद्यार्थी बनना है और स्कूटी, लैपटॉप और विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए शासन स्तर से दी जाने वाली सहायता राशि के बारे में बच्चों को बताया। मुख्यमंत्री ने गुरु द्रोणाचार्य की कहानी के माध्यम से बच्चों को बताया कि किस तरह अगर पढ़ाई के प्रति लगन हो तो अर्जुन की तरह बन सकते हैं।

आयोजित कार्यक्रम में सरपंच रामबकेश वरकड़े ने कहा कि बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आना चाहिए और अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए । विद्यार्थी जीवन मैं जो शिक्षा प्राप्त कर लेता है उसे अपने जीवन के निर्वहन में किसी तरह की परेशानी नहीं आती। समय बीत जाने के बाद व्यक्ति पछताता रहता है कि समय पर पढ़ लेता तो आज इतनी दिक्कत नहीं होती । शिक्षित व्यक्ति अपने जीवन में तरक्की पाता है शिक्षा के अभाव में मजदूरों जैसा जीवन जीना पड़ता है।

प्रधान पाठक श्री एम एल आहके ने कहा कि आज बच्चों की पढ़ाई पर मां बाप के अलावा सरकार भी पूरा ध्यान दे रही है । कई तरह की सुविधाएं बच्चे पढ़ सके इसके लिए उपलब्ध कराई जा रही है । निशुल्क पुस्तकें दी जा रही हैं । दूर से आने वाले बच्चों को साइकिले भी मिल रही है । आठवीं तक के बच्चों को स्कूल ड्रेस भी शासन स्तर से दी जा रही है । शिक्षा का महत्व जीवन भर रहता है। इसलिए शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए ।

बच्चों को विशेष भोजन कराया गया। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का भी सराहनीय योगदान रहा।

Comments are closed.